विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

फादर्स डे पर पिता को दी नई स्कार्पियो लुधियाना में चोरी, कार से पहुंचे चोर; CCTV में कैद हुई पूरी वारदात

Updated: Wed, 26 Aug 2026 02:00 PM (IST)

फादर्स डे पर पिता को गिफ्ट की गई नई स्कार्पियो एन न्यू माडल टाउन से चोरी हो गई। सीसीटीवी में चोरों की वारदात कैद हुई। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की।

HighLights

  1. लुधियाना में फादर्स डे पर मिली नई स्कॉर्पियो-एन चोरी हो गई।

  2. चोर होंडा सिटी कार से आए, पूरी वारदात सीसीटीवी में कैद।

  3. पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर अज्ञात चोरों की तलाश शुरू की।

जागरण संवाददाता, लुधियाना। लुधियाना के पाश इलाके न्यू माडल टाउन में घर के बाहर खड़ी नई सफेद महिंद्रा स्कॉर्पियो-एन चोरी हो गई। यह गाड़ी नोएडा की एक एनबीएफसी कंपनी में काम करने वाले युवक ने करीब दो महीने पहले फादर्स डे के मौके पर अपने पिता संजय कुमार को गिफ्ट की थी। मंगलवार सुबह परिवार ने गाड़ी गायब देखी तो आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसमें चोरी की पूरी वारदात कैद मिली।

जानकारी के अनुसार, न्यू माडल टाउन निवासी मयंक टक्कर नोएडा की एक एनबीएफसी कंपनी में कार्यरत हैं। उन्होंने जून में फादर्स डे के मौके पर अपने पिता संजय कुमार को सफेद रंग की नई महिंद्रा स्कार्पियो-एन गिफ्ट की थी। गाड़ी घर के सामने पार्क के पास खड़ी की गई थी।

यह भी पढ़ें- लुधियाना में गैंगस्टर की थार का कहर, पुलिस से बचते हुए राहगीर को कुचला; सीसीटीवी में कैद हुआ पूरा घटनाक्रम

रात में होंडा सिटी से पहुंचे चोर

सीसीटीवी फुटेज के अनुसार, देर रात चोर होंडा सिटी कार से न्यू मॉडल टाउन पहुंचे। उन्होंने अपनी कार स्कार्पियो-एन के बिल्कुल पास खड़ी की और गाड़ी का ताला खोलने की कोशिश शुरू कर दी। इस दौरान स्कार्पियो की एमरजेंसी लाइट जल गई, लेकिन चोरों पर इसका कोई असर नहीं हुआ।

फुटेज में एक चोर कार से उतरकर स्कार्पियो-एन का ताला खोलता दिखाई दे रहा है। इसके बाद वह गाड़ी के अंदर जाकर सबसे पहले एमरजेंसी लाइट बंद करता है। कुछ ही मिनटों में चोर स्कार्पियो-एन स्टार्ट कर मौके से फरार हो गए। उनके साथ होंडा सिटी कार भी वहां से चली गई।

यह भी पढ़ें- महंगाई के खिलाफ चंडीगढ़ में पंजाब कांग्रेस का प्रदर्शन, राजा वड़िंग करेंगे नेतृत्व; राहत की उठाएंगे मांग

पुलिस ने FIR दर्ज कर जांच शुरू की

घटना की शिकायत मिलने पर थाना डिवीजन नंबर-5 की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मयंक टक्कर के बयान पर अज्ञात चोरों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) के तहत एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपितो की पहचान करने और चोरी की गई स्कार्पियो-एन की तलाश में जुटी है। फुटेज में चोरों की गतिविधियां साफ दिखाई दे रही हैं, जिसके आधार पर पुलिस उनकी पहचान करने का प्रयास कर रही है।

यह भी पढ़ें- चीनी-ड्राईफ्रूट के बढ़े दाम, राखी से पहले पंजाब में महंगी हुई मिठाई और बेकरी आइटम्स; बिगड़ा परिवारों का बजट