चीनी-चावल की बढ़ती कीमतों पर कांग्रेस का हल्लाबोल, चंडीगढ़ में प्रदर्शन; वड़िंग बोले- आम लोगों का बजट बिगड़ा
महंगाई और खाद्य वस्तुओं की बढ़ती कीमतों के विरोध में पंजाब कांग्रेस ने चंडीगढ़ में प्रदर्शन किया। राजा वड़िंग ने ...और पढ़ें

पंजाब कांग्रेस के नेता चंडीगढ़ में प्रदर्शन करते हुए।
HighLights
पंजाब कांग्रेस ने चंडीगढ़ में महंगाई के खिलाफ प्रदर्शन किया।
राजा वड़िंग ने खाद्य वस्तुओं की बढ़ती कीमतों पर रोष जताया।
आम लोगों के घरेलू बजट पर पड़ रहे असर पर चिंता व्यक्त की।
राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। बढ़ती महंगाई और खाद्य वस्तुओं की कीमतों में लगातार हो रही बढ़ोतरी के विरोध में पंजाब कांग्रेस ने बुधवार को चंडीगढ़ में प्रदर्शन किया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग के नेतृत्व में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सेक्टर-15 स्थित पंजाब कांग्रेस भवन से केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिलाएं भी शामिल हुईं।
कांग्रेस के प्रदर्शन को देखते हुए चंडीगढ़ पुलिस ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए थे। कांग्रेस भवन से करीब एक किलोमीटर पहले ही बैरिकेडिंग कर वाहनों की आवाजाही रोक दी गई। आसपास के क्षेत्र में बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी। इससे कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।
यह भी पढ़ें- कल पंजाब के सरकारी दफ्तरों का काम रहेगा ठप, बसों से अस्पताल और तहसील तक दिखेगा असर!
बढ़ती कीमतों को लेकर सरकार पर निशाना
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने चीनी, चावल और अन्य खाद्य वस्तुओं की बढ़ती कीमतों को लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ रोष जताया। नेताओं ने कहा कि रोजमर्रा की जरूरतों की वस्तुएं महंगी होने से आम परिवारों का घरेलू बजट बिगड़ गया है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजा वड़िंग ने कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई का सीधा असर आम लोगों की रसोई और घरेलू खर्च पर पड़ रहा है। परिवारों को रोजमर्रा की जरूरतों के लिए पहले से अधिक पैसा खर्च करना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा गरीब और आम लोगों के हक की लड़ाई लड़ती रही है। जनता पर बढ़ते आर्थिक बोझ के खिलाफ पार्टी आगे भी सड़क पर उतरकर आवाज उठाती रहेगी।
यह भी पढ़ें- तीसरे चरण में महिलाओं के खातों में पहुंची राशि, तरनतारन नहीं पहुंचे तो वर्चुअली दिया संदेश
कई वरिष्ठ नेता प्रदर्शन में पहुंचे
प्रदर्शन में पूर्व स्वास्थ्य मंत्री बलबीर सिंह सिद्धू, पूर्व विधायक हरदयाल कंबोज, गुरशरण कौर सहित कई वरिष्ठ कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए। कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए महंगाई पर नियंत्रण की मांग उठाई।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि खाद्य वस्तुओं की कीमतों में बढ़ोतरी का असर समाज के हर वर्ग पर पड़ रहा है। सरकार को आम लोगों को राहत देने के लिए प्रभावी कदम उठाने चाहिए।
यह भी पढ़ें- पंजाब के सरकारी स्कूलों का वीडियो साझा कर सुखबीर ने सरकार को घेरा, बोले- यह क्रांति नहीं ‘'शिक्षा घोटाला’ है
