विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

तीसरे चरण में महिलाओं के खातों में पहुंची राशि, तरनतारन नहीं पहुंचे तो वर्चुअली दिया संदेश

Updated: Wed, 26 Aug 2026 05:10 PM (IST)

हेलीकाप्टर में तकनीकी खराबी के कारण मुख्यमंत्री भगवंत मान श्री गोइंदवाल साहिब नहीं पहुंच सके। उन्होंने वर्चुअल माध्यम से मांवा-धींया सत्कार योजना के तीसरे चरण की राशि जारी की।

मुख्यमंत्री भगवंत मान।

मुख्यमंत्री भगवंत मान।

जागरण संवाददाता, तरनतारन। मांवा-धींया सत्कार योजना के तहत महिलाओं के खातों में राशि डालने के तीसरे चरण का मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने बुधवार को वर्चुअल माध्यम से उद्घाटन किया। मुख्यमंत्री का श्री गोइंदवाल साहिब पहुंचने का कार्यक्रम था और इसके लिए समारोह भी आयोजित किया गया था। हालांकि, हेलीकाप्टर में तकनीकी खराबी आने के कारण वह मौके पर नहीं पहुंच सके।

मुख्यमंत्री ने वर्चुअल माध्यम से समारोह को संबोधित करते हुए महिलाओं को तीसरे चरण की राशि मिलने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि योजना के तहत अब तक करीब 75 लाख महिलाओं का पंजीकरण किया गया है। उन्होंने कहा कि महिलाओं के सम्मान और उन्हें आर्थिक रूप से मजबूत करने की दिशा में सरकार लगातार काम कर रही है।

यह भी पढ़ें- कल पंजाब के सरकारी दफ्तरों का काम रहेगा ठप, बसों से अस्पताल और तहसील तक दिखेगा असर!

पंडाल में नहीं पहुंच पाने का जताया खेद

मुख्यमंत्री मान ने खडूर साहिब के विधायक मनजिंदर सिंह लालपुरा को बधाई देते हुए कहा कि पंडाल के समक्ष पहुंचकर कार्यक्रम में शामिल न हो पाने का उन्हें खेद रहेगा। उन्होंने भरोसा दिया कि आने वाले दिनों में वह खडूर साहिब जरूर पहुंचेंगे।

रक्षाबंधन से दो दिन पहले महिलाओं के खातों में योजना के तीसरे चरण की राशि डाली गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि विधानसभा चुनाव के दौरान किए गए वादों को पूरा करने में सरकार ने कोई कसर नहीं छोड़ी है।

यह भी पढ़ें- पंजाब के सरकारी स्कूलों का वीडियो साझा कर सुखबीर ने सरकार को घेरा, बोले- यह क्रांति नहीं ‘'शिक्षा घोटाला’ है

मंत्रियों ने गिनाए सरकार के काम

कैबिनेट मंत्री और आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अमन अरोड़ा ने मुख्यमंत्री की ओर से समारोह में मौजूदगी दर्ज कराते हुए विधायक मनजिंदर सिंह लालपुरा को बधाई दी। उन्होंने कहा कि सरकार पंजाब की भलाई के लिए लगातार काम कर रही है।

कैबिनेट मंत्री हरभजन सिंह ईटीओ सहित अन्य नेताओं ने भी समारोह को संबोधित किया। नेताओं ने मांवा-धींया सत्कार योजना के तीसरे चरण के तहत महिलाओं को राशि दिए जाने को सरकार की उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में सरकार महिलाओं के सम्मान और कल्याण के लिए काम कर रही है।

विधायक मनजिंदर सिंह लालपुरा, हरमीत सिंह संधू, अमनदीप कौर अरोड़ा, जीवनजोत कौर, इंद्रजीत कौर, नरेश कटारिया और सरवन सिंह धुन ने भी संबोधित किया। नेताओं ने कहा कि वर्ष 2027 में भी भगवंत सिंह मान को प्रदेश की जिम्मेदारी सौंपने का लक्ष्य है।

यह भी पढ़ें- गमाडा की कार्रवाई पर AAP सांसद कंग का अधिकारियों से टकराव, बोले- सभी अवैध दुकानें तोड़ो, भेदभाव नहीं चलेगा