सुखबीर बादल पर हमला एक साजिश! खन्ना में हरसिमरत बोलीं- जितना तोड़ने की कोशिश होगी, उतना मजबूत होगा अकाली दल
हरसिमरत कौर बादल ने सुखबीर बादल पर नांदेड़ में हुए हमले को राजनीतिक साजिश बताया। खन्ना में उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयासों से अकाली दल और मजबूत होकर उभरेगा।
HighLights
हरसिमरत कौर बादल ने हमले को राजनीतिक साजिश कहा।
अकाली दल इस घटना से और मजबूत होकर उभरेगा।
सुखबीर बादल पर दो वर्षों में यह दूसरा हमला है।
डिजिटल डेस्क, लुधियाना। शिरोमणि अकाली दल की सांसद हरसिमरत कौर बादल ने अपने पति और पार्टी नेता सुखबीर सिंह बादल पर हुए हमले को राजनीतिक साजिश करार दिया है। उन्होंने कहा कि पिछले 48 घंटे उनके और परिवार के लिए बेहद कठिन रहे हैं, लेकिन इस घटना से उनका हौसला नहीं टूटेगा। हरसिमरत ने कहा-
आप हमें जितना तोड़ने की कोशिश करेंगे, हम उतने ही मजबूत होकर उभरेंगे।
खन्ना जिले के इसरू गांव में गोवा मुक्ति आंदोलन के शहीद करनैल सिंह इसरू की स्मृति में आयोजित सम्मेलन में हरसिमरत ने कहा कि सुखबीर बादल को इस कार्यक्रम में शामिल होना था, लेकिन हमले के कारण वह यहां नहीं पहुंच सके। उन्होंने कहा कि सुखबीर पर उस समय हमला हुआ, जब वह पंजाब में शांति और खुशहाली की प्रार्थना कर रहे थे।
सुखबीर सिंह बादल पर गुरुवार को महाराष्ट्र के नांदेड़ स्थित गुरुद्वारा में प्रार्थना के दौरान एक निहंग ने कृपाण से हमला किया था। हमले में उनके दाहिने हाथ पर चोट लगी थी। पुलिस ने हमलावर को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया था। प्राथमिक उपचार के बाद सुखबीर को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई थी। इसके बाद उन्हें गुरुग्राम के अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया।
यह भी पढ़ें- डीए और पुरानी पेंशन योजना को लेकर पंजाब सरकार पर आक्रामक हुए वड़िंग, बोले- कर्मचारियों से किए वादे करें पूरे
हमले को बताया बड़ी साजिश
हरसिमरत कौर बादल ने आरोप लगाया कि यह सुखबीर पर दो वर्षों में हुआ दूसरा हमला है और इसके पीछे राजनीतिक साजिश हो सकती है। उन्होंने दावा किया कि पंजाब में शांति भंग करने के प्रयास वर्ष 2015 से चल रहे हैं।
उन्होंने हमलावर के बारे में भी कड़ी टिप्पणी की और कहा कि जो व्यक्ति गुरु के स्थान पर इस तरह की घटना को अंजाम दे, वह सच्ची सिख भावना का प्रतिनिधित्व नहीं करता।
यह भी पढ़ें- फर्जी सहमति पत्रों से मंजूरी का आरोप, मोहाली सनटेक सिटी मामले में IAS अधिकारी ईडी के रडार पर; कल होगी पूछताछ
सुखबीर ने दिया लोगों के बीच काम करने का संदेश
हरसिमरत ने कहा कि अकाली दल पंजाब में शांति कायम करने की दिशा में काम कर रहा है, जबकि कुछ लोग नफरत का माहौल बनाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि सुखबीर ने उन्हें संदेश भेजा है कि वह उनकी ओर से लोगों के बीच जाकर काम करें।
हरसिमरत ने कहा कि सुखबीर का लोगों के प्रति यही लगाव उनकी सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा कि मुश्किल समय के बावजूद पार्टी और परिवार का संकल्प कमजोर नहीं हुआ है।
यह भी पढ़ें- सरकारी फैसलों को प्रभावित करने के आरोप पर FIR होगी! ED के पत्र से पंजाब में हलचल, DGP ने मांगी कानूनी राय
