खन्ना में रिहायशी इलाके की प्लास्टिक फैक्ट्री में भीषण आग, दो घंटे बाद काबू, लाखों का हुआ नुकसान
खन्ना के रिहायशी इलाके में प्लास्टिक फैक्ट्री में भीषण आग लगने से लाखों का नुकसान हुआ। दमकल टीम ने दो घंटे में आग पर काबू पाया, जबकि सुरक्षा इंतजामों ...और पढ़ें

घटना की जानकारी देते हुए स्थानीय लोग।
HighLights
खन्ना की रिहायशी प्लास्टिक फैक्ट्री में भीषण आग से लाखों का नुकसान।
दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पाया गया काबू।
फैक्ट्री में सुरक्षा इंतजामों की कमी पर जांच के आदेश।
जागरण संवाददाता, खन्ना। खन्ना शहर के कब्जा फैक्ट्री रोड स्थित घनी आबादी वाले रिहायशी इलाके में रविवार सुबह लगभग 7.30 बजे उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब यहां पर चल रही प्लास्टिक दाना तैयार करने वाली फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में विकराल रूप धारण कर गई।
फैक्ट्री परिसर में खुले आसमान के नीचे बड़ी मात्रा में रखा कबाड़ और प्लास्टिक सामग्री आग की चपेट में आते ही बारूद की तरह धधक उठी। लोगों ने इसकी सूचना दमकल विभाग को दी, लगभग दो घंटे की मशकत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
इस हादसे में किसी कोई हताहत को नहीं हुआ, लेकिन लाखों रुपये का माल जलकर खाक हो गया है। रियाशी एरिया में चल रही इस फैक्ट्री को लेकर भी अब लोग प्रशासन को जिम्मेदार ठहरा रहे है।
यह भी पढ़ें- पटियाला में शादी के 4 दिन बाद युवक लापता, नहर किनारे मोटरसाइकिल व फोन मिला; गोताखोरों ने बरामद किया शव
सुबह 7.30 लोगों ने धुआं उठते देखा
जानकारी के अनुसार रविवार की सुबह करीब 7.30 बजे के बीच जैसे ही लोगों ने फैक्ट्री से धुएं के गुबार उठते देखे, पूरे मोहल्ले में हड़कंप मच गया। ऊंची-ऊंची लपटें और घना काला धुआं दूर-दूर तक दिखाई देने लगा। जिससे आसपास के घरों में रहने वाले लोग डर के कारण बाहर निकल आए। महिलाओं और बच्चों इस कदर दशहत फैल गई कि वह अपने घरों को छोड़कर खुल्ली जगह में पहुंच गए।
कुछ देर के लिए स्थिति ऐसी बन गई जैसे किसी बड़े हादसे का खतरा मंडरा रहा हो। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर आग समय रहते नियंत्रित नहीं होती तो घनी आबादी के कारण बड़ा जान-माल का नुकसान हो सकता था। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि रिहायशी इलाकों में चल रही फैक्ट्रियों और कबाड़ गोदामों की तत्काल जांच कर सख्त कार्रवाई की जाए।
खबरें और भी
लोगों का कहना है कि प्लास्टिक और कबाड़ का सामान खुले में जमा होने से आग का खतरा हमेशा बना रहता है। यदि भविष्य में ऐसी घटना दोबारा हुई तो यह किसी बड़े हादसे में बदल सकती है।
यह भी पढ़ें- ट्रक यूनियन विवाद पर सियासत तेज, विधायक ने पुलिस को घेरा; धक्केशाही का लगाया आरोप
फैक्ट्री में नहीं थे सुरक्षा इंतजाम
फायर अफसर दमनदीप सिंह ने बताया कि आग की सूचना उन्हें टेलीफोन के माध्यम से मिली थी। सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया गया। उन्होंने कहा कि आग पर नियंत्रण पा लिया गया है और कारणों की जांच की जा रही है। फायर अफसर ने मौके पर निरीक्षण के बाद दावा किया कि फैक्ट्री में अग्निशमन के प्राथमिक बचाव उपकरणों की व्यवस्था नजर नहीं आई। उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति में आग तेजी से फैलती है और राहत कार्य में भी काफी मुश्किलें आती हैं। उन्होंने कहा कि फैक्ट्री संचालक पर बनती कानूनी कार्रवाई की जायेगी ।
एसडीएम टिवाना ने दिए जांच के आदेश
एसडीएम स्वाति टिवाना ने कहा कि मामला उनके ध्यान में है और संबंधित विभागों को जांच के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि फैक्ट्री अवैध रूप से संचालित पाई गई या सुरक्षा मानकों की अनदेखी सामने आई तो कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
दूसरी ओर फैक्ट्री मालिक संजय ने आरोप लगाया कि फायर ब्रिगेड टीम समय पर नहीं पहुंची, जिसके कारण आग पर काबू पाने में देरी हुई और नुकसान बढ़ गया। उन्होंने दावा किया कि फैक्ट्री संचालन के लिए उनके पास सभी जरूरी एनओसी और दस्तावेज मौजूद हैं।