Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    आम जनता की जेब पर भारी पड़ेगी साइकिल की सवारी, एक मई से बढ़ जाएंगे इतने दाम

    Updated: Wed, 29 Apr 2026 08:37 PM (GMT+05:30)

    लुधियाना में साइकिल उद्योग कच्चे माल की बढ़ती कीमतों से चिंतित है, जिसके चलते जी-13 बाइसाइकिल मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन ने 1 मई से साइकिलों के दाम 100 ...और पढ़ें

    आम जनता की जेब पर भारी पड़ेगी साइकिल की सवारी (फाइल फोटो)

    आम जनता की जेब पर भारी पड़ेगी साइकिल की सवारी (फाइल फोटो)


    HighLights

    1. 1 मई से साइकिलों के दाम 100 रुपये तक बढ़ेंगे।

    2. कच्चे माल की बढ़ती कीमतों से उत्पादन लागत में उछाल।

    3. स्टील, टायर-ट्यूब, पेंट के दाम बढ़ने से उद्योग चिंतित।

    जागरण संवाददाता, लुधियाना। साइकिल निर्माण में इस्तेमाल होने वाले कच्चे माल की लगातार बढ़ती कीमतों ने महानगर के साइकिल उद्योग की चिंता बढ़ा दी है।

    स्टील, टायर-ट्यूब, पेंट, केमिकल्स और अन्य जरूरी कंपोनेंट्स के दामों में लगातार इजाफे के चलते अब उद्योग पर लागत का दबाव बन गया है। इसी के मद्देनजर जी-13 बाइसाइकिल मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन ने एक अहम बैठक कर हालात की समीक्षा की और एक मई से साइकिलों के दाम बढ़ाने का फैसला लिया।

    बैठक में उद्योग से जुड़े प्रमुख निर्माताओं ने हिस्सा लिया और कहा कि पिछले कई महीनों से इनपुट कास्ट में लगातार तेजी देखने को मिल रही है।

    बढ़ती लागत के कारण मौजूदा कीमतों पर उत्पादन जारी रखना उद्योग के लिए चुनौतीपूर्ण होता जा रहा है। कारोबारियों का कहना है कि लागत बढ़ने का सीधा असर मुनाफे और उत्पादन की आर्थिक व्यवहार्यता पर पड़ रहा है। एसोसिएशन के अनुसार, एक मई से साइकिलों की कीमतों में प्रति साइकिल 100 रुपये तक बढ़ोतरी की जा सकती है। हालांकि, हर निर्माता अपने लागत ढांचे और बाजार की स्थिति को देखते हुए स्वतंत्र रूप से यह निर्णय लेगा।

    गुणवत्ता वाली साइकिलें उपलब्ध कराना प्राथमिकता

    बैठक के दौरान एसोसिएशन ने स्पष्ट किया कि उद्देश्य सामूहिक रूप से कीमतें तय करना नहीं, बल्कि उद्योग के सामने खड़ी चुनौतियों का आकलन कर समाधान तलाशना था। सदस्यों ने कहा कि उद्योग को संतुलन बनाए रखने के लिए समयानुकूल कदम उठाने होंगे, ताकि उत्पादन और सप्लाई प्रभावित न हो।

    उद्योग प्रतिनिधियों ने भरोसा दिलाया कि बढ़ती लागत के बावजूद उपभोक्ताओं को गुणवत्ता वाली साइकिलें उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता रहेगी। बाजार में सप्लाई सुचारु बनाए रखने और ग्राहकों को बेहतर उत्पाद देने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे।

    चुनौतीपूर्ण दौर से गुजर रहा साइकिल उद्योग

    जी-13 बाइसाइकिल मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष राजिंदर जिंदल, महासचिव रोहित पाहवा और कोआर्डिनेटर उमेश नारंग ने संयुक्त बयान में कहा कि साइकिल उद्योग इस समय चुनौतीपूर्ण दौर से गुजर रहा है, लेकिन सभी सदस्य मिलकर परिस्थितियों का सामना करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी उद्योग से जुड़े ऐसे मुद्दों पर नियमित बैठकें कर आवश्यक फैसले लिए जाते रहेंगे।

    खबरें और भी