Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    लुधियाना में नौवीं के छात्र को पीटा, पेशाब में खून आने पर अस्पताल में भर्ती; शिक्षक पर केस दर्ज

    Updated: Tue, 21 Jul 2026 11:26 PM (IST)

    लुधियाना के बीवीएम स्कूल में नौवीं कक्षा के छात्र की शिक्षक द्वारा कथित पिटाई का मामला सामने आया है, जिसके बाद छात्र को यूरिन में खून आने पर अस्पताल म ...और पढ़ें

    लुधियाना में नौवीं के छात्र को पीटा। फोटो जागरण

    लुधियाना में नौवीं के छात्र को पीटा। फोटो जागरण

    HighLights

    1. नौवीं के छात्र की शिक्षक ने की कथित पिटाई।

    2. छात्र को यूरिन में खून आने पर अस्पताल में भर्ती।

    3. आरोपी शिक्षक के खिलाफ पुलिस ने दर्ज किया केस।

    जागरण संवाददाता, लुधियाना। शहर के उधम सिंह नगर स्थित बीवीएम स्कूल में 9वीं कक्षा के एक छात्र की कथित पिटाई का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि शिक्षक छात्र को लैब में ले गया और वहां उसके साथ मारपीट की। घर पहुंचने के बाद छात्र की तबीयत बिगड़ गई और उसके यूरिन में खून आने लगा, जिसके बाद उसे सिविल अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।

    पुलिस ने आरोपित शिक्षक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। पुलिस को दी शिकायत में छात्र के पिता रूपेश बंसल ने बताया कि वह लक्कड़ नीमा मोहल्ला के रहने वाले हैं।

    17 जुलाई को जब उनका बेटा प्रांशु बंसल स्कूल से घर लौटा तो वह बहुत डरा हुआ था। तबीयत बिगड़ने पर उसने बताया कि शिक्षक अनिल कुमार अग्रवाल उसे लैब में ले गए, जहां उसकी बेरहमी से पिटाई की। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि शिक्षक ने घटना किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी।

    जांच के दौरान सामने आए सीसीटीवी फुटेज में शिक्षक छात्र को गर्दन से पकड़कर लैब के अंदर ले जाता दिखाई दे रहा है। फुटेज के अनुसार, अंदर ले जाने के बाद शिक्षक छात्र को लगातार थप्पड़ मारता है। छात्र खुद को बचाने की कोशिश करता है, लेकिन शिक्षक उसे खींचकर कमरे के दूसरे हिस्से में ले जाता है और फिर हाथ उठाता नजर आता है। पूरी घटना कैमरे में रिकार्ड होने का दावा किया गया है।

    खबरें और भी

    पुलिस ने इन धाराओं में दर्ज किया मामला

    जांच अधिकारी एएसआइ बलदेव सिंह ने बताया कि आरोपित शिक्षक अनिल कुमार अग्रवाल (निवासी हैबोवाल कलां) के खिलाफ पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 115(2), 126(2) तथा जुवेनाइल जस्टिस (जेजे) एक्ट की धारा 75 के तहत एफआइआर दर्ज की है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

    प्रिंसिपल ने शिक्षक को किया निलंबित

    स्कूल के प्रिंसिपल पवन सूद ने घटना को गंभीर बताते हुए संबंधित शिक्षक को 10 दिनों के लिए निलंबित कर दिया है। उनसे पूरे मामले में स्पष्टीकरण मांगा है। स्कूल प्रबंधन का कहना है कि किसी भी विद्यार्थी के साथ इस तरह का व्यवहार स्वीकार्य नहीं है।

    स्कूल सूत्रों का दावा, आधिकारिक पुष्टि नहीं

    स्कूल सूत्रों के अनुसार, घटना दिन के अंतिम पीरियड की है। संबंधित विषय के शिक्षक अनुपस्थित थे, इसलिए अनिल कुमार अग्रवाल को एडजस्टमेंट के लिए कक्षा में भेजा गया था। बताया जाता है कि वह नियमित रूप से शारीरिक शिक्षा पढ़ाते हैं। सूत्रों का दावा है कि कुछ छात्र उन्हें 'डोरेमोन' कहकर चिढ़ा रहे थे, जिससे वह अपना आपा खो बैठे और मामला बढ़ गया। हालांकि, इस दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

    पहले भी सामने आ चुके हैं ऐसे मामले

    23 अप्रैल: सैदां चौक के एक स्कूल में चौथी कक्षा के छात्र की कथित डंडे से पिटाई का मामला सामने आया। बाद में मानवाधिकार आयोग में शिकायत के बाद शिक्षक पर केस दर्ज हुआ।
    24 फरवरी: टिब्बा रोड के एक निजी स्कूल में छात्र की पिटाई के बाद उसका सिविल अस्पताल में मेडिकल कराया गया।
    9 अगस्त 2025: जमालपुर के सरकारी स्कूल में पांचवीं कक्षा के छात्र से मारपीट के आरोप में परिजनों ने हंगामा किया था।