Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    लुधियाना में किसानों ने लाडोवाल प्लाजा पर टोल कराया फ्री, कटड़ा एक्सप्रेसवे के लिए जमीनों का पूरा पैसा नहीं देने का आरोप

    Updated: Mon, 18 May 2026 01:53 AM (IST)

    भारतीय किसान यूनियन एकता डकौंदा हसनपुर ने लुधियाना के लाडोवाल टोल प्लाजा पर प्रदर्शन किया। किसानों ने कटरा एक्सप्रेसवे के लिए अधिग्रहित भूमि के भुगतान ...और पढ़ें

    लुधियाना में किसानों ने लाडोवाल प्लाजा पर टोल कराया फ्री। फोटो जागरण

    लुधियाना में किसानों ने लाडोवाल प्लाजा पर टोल कराया फ्री। फोटो जागरण

    HighLights

    1. लाडोवाल टोल प्लाजा पर किसानों का विरोध प्रदर्शन।

    2. कटरा एक्सप्रेसवे भूमि अधिग्रहण भुगतान में देरी का मुद्दा।

    3. किसानों ने पांच मिनट के लिए टोल प्लाजा किया फ्री।

    जागरण संवाददाता, लुधियाना। लुधियाना के लाडोवाल टोल प्लाजा पर रविवार सुबह भारतीय किसान यूनियन एकता डकौंदा हसनपुर की ओर से अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन किया गया। यह प्रदर्शन सुबह 11 बजे से दोपहर एक बजे तक चला, जिसके दौरान किसानों ने अपनी मांगों को लेकर रोष जताया। प्रदर्शन के दौरान किसानों ने पांच मिनट के लिए टोल प्लाजा को फ्री कर दिया, जिससे वहां से गुजरने वाले वाहनों को बिना शुल्क दिए गुजरे।

    प्रदर्शन की अगुआई यूनियन के प्रांतीय प्रधान जगरूप सिंह हसनपुर ने की। उनके साथ करीब 50 से अधिक किसान मौजूद रहे। किसानों ने सरकार और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कहा कि कटरा एक्सप्रेसवे को लेकर उनकी जमीनों को एक्वायर किया गया, लेकिन अभी तक सभी किसानों को पूरे पैसे नहीं मिले। प्रधान जगरूप ने कहा कि जिले के गांव दाखा, भनोड़, पमाल सहित आसपास के कई गांवों के किसानों की जमीन ली जा चुकी है, लेकिन अब तक भुगतान पूरा नहीं किया गया।

    कई किसानों को आधी राशि भी नहीं मिली, जबकि कुछ किसानों की पूरी पेमेंट अभी तक लंबित है। उन्होंने कहा कि जब किसानों की जमीन का कब्जा लिया गया था, उसी समय पूरा भुगतान कर देना चाहिए था, लेकिन प्रशासन की लापरवाही के कारण किसान परेशान हो रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि किसान लंबे समय से दफ्तरों के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन उनकी सुनवाई नहीं हो रही।

    एसडीएम ने दस दिन का समय मांगा

    जगरूप सिंह ने कहा कि प्रदर्शन के दौरान एसडीएम कुलदीप बावा मौके पर पहुंचे। एसडीएम ने उनसे आठ से दस दिन का समय मांगा है और आश्वासन दिया है कि किसानों की लंबित पेमेंट जल्द जारी करवाई जाएगी। इसीलिए सिर्फ पांच से सात मिनट की टोल प्लाजा फ्री किया गया। यदि तय समय के भीतर भुगतान नहीं हुआ, पूरे दिन के लिए टोल प्लाजा फ्री कर दिया जाएगा।

    खबरें और भी