Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    लुधियाना में स्टील फैक्ट्री में धमाके के बाद लगी भीषण आग, सात महिलाएं झुलसीं; दमकल की 50 गाड़ियों ने पाया काबू

    Updated: Sat, 25 Apr 2026 08:50 PM (IST)

    लुधियाना के दोराहा स्थित बीबी लाल स्टील फैक्ट्री में शनिवार दोपहर हुए धमाके के बाद भीषण आग लग गई, जिसमें सात महिलाएं झुलस गईं। ...और पढ़ें

    दोराहा स्थित फैक्ट्री में लगी आग (जागरण)

    दोराहा स्थित फैक्ट्री में लगी आग (जागरण)

    HighLights

    1. दोराहा की स्टील फैक्ट्री में भीषण धमाका

    2. हादसे में सात महिला श्रमिक गंभीर रूप से झुलसीं

    3. 50 से अधिक दमकल गाड़ियों ने आग पर पाया काबू

    भूपेंद्र सिंह, लुधियाना। दोराहा के नजदीक गांव विशनपुर स्थित बीबी लाल स्टील फैक्ट्री में शनिवार दोपहर धमाके के बाद आग लग गई। कुछ ही मिनटों में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और आसमान में धुएं का गुबार छा गया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

    हादसे में फैक्ट्री में काम कर रहीं सात महिलाएं झुलस गईं, जिनमें से मीणा और अंजलि (गांव कद्दों निवासी) की हालत गंभीर बनी हुई है। दोनों को लुधियाना के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

    50 से अधिक फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंची

    वहीं अन्य घायल देविका, बिमला, सोनी, सुरजीत और कुलविंदर कौर का इलाज दोराहा के निजी अस्पताल में चल रहा है। आग को काबू में करने के लिए दोराहा, खन्ना और समराला से 50 से अधिक फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं।

    दमकल कर्मियों को आग पर काबू पाने के लिए घंटों मशक्कत करनी पड़ी और समाचार लिखे जाने तक राहत व बचाव कार्य जारी था।

    फैक्ट्री में स्क्रैप से तैयार की जाती है स्टील

    प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, फैक्ट्री में पहले जोरदार धमाका हुआ, जिसके तुरंत बाद आग की लपटें उठने लगीं। बताया जा रहा है कि हादसे के समय फैक्ट्री का कोई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद नहीं था, जिससे स्थिति को संभालने में शुरुआती देरी हुई। फैक्ट्री में स्क्रैप से स्टील उत्पाद तैयार किए जाते हैं।

    शुरुआती जांच में बायलर फटने से धमाका होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि आग लगने के सही कारणों का अभी खुलासा नहीं हो पाया है। घटना की सूचना मिलते ही तहसीलदार पायल, एसएचओ दोराहा और हलका विधायक मनविंदर सिंह ग्यासपुरा मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया।

    खबरें और भी

    विधायक ग्यासपुरा ने कहा कि हादसे की गंभीरता से जांच करवाई जाएगी और यदि किसी प्रकार की लापरवाही सामने आती है तो जिम्मेदारों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।