Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    लुधियाना में बहन को स्कूल बस में बैठाने गया था 3 वर्षीय मासूम, चालक की लापरवाही से मिनटों में उजड़ीं खुशियां

    Updated: Wed, 15 Jul 2026 03:16 PM (IST)

    माछीवाड़ा साहिब के गांव सालू भैणी में बहन को स्कूल बस में बैठाने गया तीन वर्षीय समरदीप सिंह बस की चपेट में आ गया। हादसे में उसकी मौके पर मौत हो गई। पु ...और पढ़ें

    ये AI जनरेटेड इमेज है।

    ये AI जनरेटेड इमेज है।

    HighLights

    1. माछीवाड़ा साहिब में स्कूल बस से दर्दनाक हादसा।

    2. तीन वर्षीय मासूम समरदीप सिंह की मौके पर मौत।

    3. चालक की लापरवाही पर उठे सुरक्षा सवाल।

    संवाद सहयोगी, माछीवाड़ा साहिब। पंजाब के लुधियाना में माछीवाड़ा साहिब क्षेत्र के गांव सालू भैणी में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन वर्षीय मासूम बच्चे की जान चली गई। मासूम अपनी मां के साथ बड़ी बहन को स्कूल बस में बैठाने गया था, लेकिन कुछ ही क्षणों में खुशियों का यह पल मातम में बदल गया। बस के आगे खड़े बच्चे के बस की चपेट में आने से मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

    मृतक बच्चे की पहचान तीन वर्षीय समरदीप सिंह के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार गांव निवासी हरमेश सिंह की बेटी रमनदीप कौर एक निजी स्कूल में पढ़ती है। रोज की तरह उसकी मां अमनदीप कौर बुधवार सुबह अपनी बेटी को स्कूल बस में बैठाने सड़क किनारे पहुंची थीं। उनके साथ छोटा बेटा समरदीप सिंह भी था, जो अपनी मां की उंगली पकड़कर खड़ा था।

    यह भी पढ़ें- तरनतारन में रंगदारी के लिए गोली चलाने वाला बदमाश पुलिस मुठभेड़ में काबू, जवाबी फायरिंग में टांग पर लगी गोली

    बस चलने के साथ हुआ दर्दनाक हादसा

    प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जब स्कूल बस वहां पहुंची तो मां ने पहले अपनी बेटी को सुरक्षित बस में बैठाया। इसी दौरान समरदीप सिंह बस के सामने की ओर खड़ा था। आरोप है कि बस चालक ने बिना यह सुनिश्चित किए कि बस के आसपास कोई बच्चा तो नहीं है, वाहन आगे बढ़ा दिया।

    अचानक बस आगे बढ़ते ही समरदीप सिंह उसके पहिए की चपेट में आ गया। गंभीर चोट लगने के कारण मासूम की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। मां अपने बेटे को बचाने के लिए दौड़ी, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। बेटे की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा और पूरे गांव में मातम छा गया।

    खबरें और भी

    यह भी पढ़ें- जालंधर कैंट में 75 मिनट रुकेंगे PM मोदी, 75 रेलवे स्टेशनों का करेंगे उद्घाटन, अमृतसर वाराणसी ट्रेन भी करेंगे रवाना

    हादसे के बाद बस लेकर निकल गया चालक

    स्थानीय लोगों के अनुसार हादसे के बाद बस चालक वाहन लेकर वहां से निकल गया। हालांकि ग्रामीणों ने उसका पीछा किया और कुछ किलोमीटर दूर बस को रोक लिया। इसके बाद घटना की सूचना पुलिस को दी गई।

    सूचना मिलते ही कूमकलां थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने बच्चे के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है और बस चालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

    स्कूल बसों की सुरक्षा पर फिर उठे सवाल

    इस हादसे के बाद एक बार फिर स्कूल बसों की सुरक्षा व्यवस्था और चालक की सतर्कता पर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि स्कूल बसों के संचालन के दौरान बच्चों की सुरक्षा को लेकर अधिक सावधानी बरती जानी चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह के दर्दनाक हादसों की पुनरावृत्ति न हो।

    फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। जांच रिपोर्ट और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। 

    यह भी पढ़ें- लुधियाना में किसानों ने जाम किया राष्ट्रीय राजमार्ग, मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन करेंगे तेज; यातायात प्रभावित