Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    लुधियाना में शराब के लिए पैसे नहीं देने पर व्यक्ति की बेरहमी से हत्या, खाली प्लॉट में मिला शव; दो आरोपी गिरफ्तार

    Updated: Thu, 28 May 2026 10:02 AM (IST)

    लुधियाना में शराब के पैसों के लिए एक व्यक्ति की बेरहमी से हत्या कर दी गई। शेरपुर चौक के पास खाली प्लॉट में मिले शव के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों स ...और पढ़ें

    शराब के पैसों के लिए बेरहमी से हत्या, खाली प्लॉट में मिला शव।

    शराब के पैसों के लिए बेरहमी से हत्या, खाली प्लॉट में मिला शव।

    HighLights

    1. शराब के पैसों के लिए व्यक्ति की हत्या

    2. शेरपुर चौक के पास खाली प्लॉट में शव

    3. दो आरोपी संदीप और इशाक अली गिरफ्तार

    संवाद सहयोगी, लुधियाना। शहर में शराब के पैसों के लिए एक व्यक्ति की बेरहमी से हत्या करने का मामला सामने आया है। शेरपुर चौक के नजदीक स्थित एक खाली प्लॉट में बुधवार सुबह एक व्यक्ति का खून से लथपथ शव मिला। मृतक के चेहरे और सिर पर भारी पत्थरों से कई वार किए गए थे, जिससे उसका चेहरा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

    थाना डिवीजन नंबर छह की पुलिस ने कार्रवाई करते हुए हत्या के आरोप में दो व्यक्तियों को गिरफ्तार कर लिया है। जिनकी पहचान संदीप श्रीवास्तव और इशाक अली के रूप में हुई है। दोनों शेरपुर चौक क्षेत्र में रहने वाले फैक्ट्री वर्कर बताए जा रहे हैं।

    मृतक की पहचान साहिबजादा अजीत सिंह नगर, मोहाली निवासी 45 वर्षीय बृजमंगल के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, मंगलवार सुबह सूचना मिली थी कि एनपीसी ट्रांसपोर्ट के पास खाली प्लॉट में एक व्यक्ति का शव पड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आसपास के इलाके की जांच शुरू की।

    सीसीटीवी फुटेज से खुला हत्या का राज

    प्रारंभिक जांच के दौरान पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में दो व्यक्ति एक अन्य व्यक्ति को सहारा देकर और घसीटते हुए ले जाते दिखाई दिए। इसके बाद पुलिस को हत्या की आशंका हुई और संदिग्धों की तलाश शुरू कर दी गई। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि दोनों संदिग्ध शेरपुर चौक के आसपास रहते हैं। पुलिस ने टीम गठित कर दबिश दी और दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।

    खबरें और भी

    शराब खत्म हुई तो बनाई लूट की योजना

    पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि वे शराब पीने के आदी हैं और वारदात वाली रात भी ठेके के बाहर शराब पी रहे थे। शराब खत्म होने के बाद उनके पास और शराब खरीदने के लिए पैसे नहीं बचे थे। इसी दौरान उनकी नजर नशे की हालत में बैठे बृजमंगल पर पड़ी। वह उसे बहला-फुसलाकर पास के खाली प्लॉट में ले गए और उसकी जेब से पैसे निकालने की कोशिश की।

    जब बृजमंगल ने विरोध किया तो दोनों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद उन्होंने पत्थरों से उसके चेहरे और सिर पर कई वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल बृजमंगल को वहीं तड़पता छोड़कर फरार हो गए। अधिक खून बहने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

    पुलिस रिमांड पर आरोपित, जांच जारी

    पुलिस ने दोनों आरोपितों को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपितों से पूछताछ जारी है और वारदात में इस्तेमाल किए गए सामान व अन्य सबूत जुटाए जा रहे हैं। पुलिस ने मृतक के स्वजन को सूचना दे दी है। अधिकारियों का कहना है कि परिवार के बयान दर्ज होने के बाद यह भी स्पष्ट हो सकेगा कि बृजमंगल मोहाली से लुधियाना किस काम से आया था।