लुधियाना में चोरी के शक में युवक की बेरहमी से पिटाई, खंभे से बांध सिर मुंडवाया; पुलिस ने छुड़ाकर बचाया
लुधियाना के नूरवाला रोड पर चोरी के शक में भीड़ ने युवक को खंभे से बांधकर पीटा और सिर मुंडवाया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर युवक को छुड़ाया और जांच शुरू क ...और पढ़ें
HighLights
चोरी के शक में युवक को भीड़ ने पीटा।
खंभे से बांधकर सिर मुंडवाया, इलाके में घुमाया।
पुलिस ने युवक को छुड़ाकर जांच शुरू की।
जागरण संवाददाता, लुधियाना। पंजाब के लुधियाना के थाना बस्ती जोधेवाल क्षेत्र के नूरवाला रोड इलाके में रविवार को एक युवक के साथ भीड़ द्वारा की गई मारपीट की घटना ने पूरे इलाके को हिला दिया। चोरी के शक में गुस्साई भीड़ ने युवक को पकड़कर पहले उसकी जमकर पिटाई की और फिर उसे बिजली के खंभे से बांध दिया।
इसके बाद लोगों ने सरेआम उसका सिर मुंडवाकर उसे पूरे इलाके में घुमाया। इस घटना का दृश्य सामने आने के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया है। मिली जानकारी के अनुसार, इलाके में पिछले कुछ समय से चोरी की घटनाएं लगातार सामने आ रही थीं, जिससे स्थानीय लोग पहले से ही नाराज थे। रविवार को लोगों ने एक युवक को संदिग्ध परिस्थितियों में घूमते हुए पकड़ा।
कुछ लोगों का दावा है कि युवक चोरी की नीयत से आया था या किसी वारदात को अंजाम देने की कोशिश कर रहा था। हालांकि इस बात की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
यह भी पढ़ें- बेअदबी पर कानून के बाद नई जांच प्रक्रिया जारी..., जाने कैसे मास्टरमाइंड तक पहुंचेगी पंजाब पुलिस?
भीड़ ने की युवक से मारपीट
जैसे ही युवक को पकड़ा गया, मौके पर बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए। भीड़ का गुस्सा इस कदर बढ़ गया कि लोगों ने कानून को हाथ में लेते हुए युवक को खंभे से बांध दिया और उसकी पिटाई शुरू कर दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक को लात-घूंसों से पीटा गया और बाद में उसका सिर मुंडवाकर उसे सड़क पर घुमाया गया, ताकि अन्य लोगों को चेतावनी दी जा सके।
घटना की सूचना मिलते ही थाना बस्ती जोधेवाल की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए युवक को भीड़ के कब्जे से छुड़ाया और उसे अपनी हिरासत में ले लिया। अधिकारियों के अनुसार, युवक से पूछताछ की जा रही है और चोरी के आरोपों की जांच की जा रही है।
खबरें और भी
यह भी पढ़ें- मोगा में अवैध हथियार के साथ दो काबू, देसी पिस्टल और जिंदा कारतूस जब्त
पुलिस कर रही मामले की जांच
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि किसी भी व्यक्ति को कानून अपने हाथ में लेने की अनुमति नहीं है। यदि कोई व्यक्ति दोषी पाया जाता है, तो उसके खिलाफ कानूनी प्रक्रिया के तहत ही कार्रवाई की जाएगी। साथ ही पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि भीड़ में शामिल किन लोगों ने युवक के साथ मारपीट की और उनके खिलाफ भी उचित कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना के बाद इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और पुलिस लोगों से शांति बनाए रखने की अपील कर रही है।
यह भी पढ़ें- अमृतसर में घर पर 12 राउंड फायरिंग से दहशत, चुनावी रंजिश का शक; CCTV में दिखे हमलावर