पंजाब का माहौल बिगाड़ने की कोशिश! लुधियाना के ऐतिहासिक गुरुद्वारा मंजी साहिब पर फायरिंग; दो दिन में दूसरी वारदात
पंजाब के जगराओं और रायकोट क्षेत्रों में दो दिनों के भीतर दो अलग-अलग गुरुद्वारों पर फायरिंग की घटनाएं सामने आई हैं, जिससे सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ गई है।

गुरुद्वारा मंजी साहिब में जांच करते हुए पुलिस।
HighLights
जगराओं में दो दिन में दो गुरुद्वारों पर फायरिंग।
रायकोट के गुरुद्वारा मंजी साहिब में हमला।
बाबा बलदेव सिंह को निशाना बनाया गया।
संवाद सहयोगी, जगराओं (लुधियाना)। शरारती तत्वों द्वारा पंजाब के माहौल को खराब करने के इरादे से गुरुद्वारों को निशाने पर लिया जा रहा है । 2 दिन में जगराओं के दो गुरुद्वारा सहिब में फायरिंग होने की घटना सामने आई। मंगल-बुधवार की दरमियां वाली रात गांव गगडा के नजदीक गुरुद्वारा गोपाल सर साहिब में फायरिंग की गई और अब बुधवार की सुबह रायकोट क्षेत्र के गांव राजोआना कलां में गुरुद्वारा मंजी साहिब में फायरिंग की गई।
इन घटनाओं ने पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है। हालांकि, दोनों घटनाओं के बीच किसी संगठित साजिश का संबंध है या नहीं, यह जांच के बाद ही स्पष्ट होगा। पंजाब में विधानसभा चुनाव की आहट के बीच धार्मिक स्थलों की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े होने लगे हैं।
जगराओं के गांव गगड़ा स्थित गुरुद्वारा साहिब में फायरिंग की घटना की गुत्थी अभी सुलझी भी नहीं थी कि रायकोट के गांव राजोआणा कलां स्थित ऐतिहासिक गुरुद्वारा मंजी साहिब में बुधवार तड़के करीब तीन बजे नकाबपोश हमलावरों ने गोलियां चला दीं। हमलावर बाइक पर आये थे और मोड़ पर बाइक छुपाकर गुरुद्वारा परिसर में दाखिल हुए और गोलियां चलाकर फरार हो गए।
यह भी पढ़ें- लुधियाना में गुरुद्वारा भगत धन्ना जी के गेट पर फायरिंग, बदमाश ने धमकी भरी चिट्ठी फेंकी; CCTV में कैद हुई घटना

फायरिंग से क्षतिग्रस्त कांच।
बाबा बलदेव सिंह को बनाना था निशाना
गुरुद्वारा मंजी साहिब के मुख्य प्रबंधक बाबा बलदेव सिंह उस समय स्नान करने गए हुए थे। इसी दौरान दो नकाबपोश व्यक्ति गुरुद्वारा परिसर में दाखिल हुए और उनके कमरे को निशाना बनाते हुए कई राउंड फायरिंग कर फरार हो गए। घटना के समय गुरुद्वारा साहिब में कुछ श्रद्धालुओं और अन्य लोगों की मौजूदगी की भी जानकारी सामने आई है। गनीमत रही कि गोलीबारी में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। बाबा बलदेव सिंह के कमरे में मौजूद न होने के कारण उनकी जान बच गई।
यह भी पढ़ें- होशियारपुर जेल में बंद गैंगस्टर आशीष की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, फिरोजपुर ट्रिपल मर्डर केस का था आरोपी
गोलियों की आवाज से मचा हड़कंप
घटना की सूचना मिलते ही लुधियाना ग्रामीण पुलिस में हड़कंप मच गया। एसएसपी डॉ. अंकुर गुप्ता, एसपी (डी) राजन शर्मा सहित विभिन्न डीएसपी, फॉरेंसिक विशेषज्ञों और साइबर क्राइम टीमों के मौके पर पहुंचने की जानकारी सामने आई है। पुलिस घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने, हमलावरों की पहचान करने और वारदात के पीछे के कारणों का पता लगाने में जुटी है।
जांच के लिहाज से घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज, हमलावरों के आने-जाने के रास्तों और वारदात में इस्तेमाल किए गए हथियारों से जुड़े साक्ष्य अहम हो सकते हैं। हालांकि, हमलावरों की पहचान, उनके मकसद और फायरिंग के पीछे किसी व्यक्ति या संगठन की भूमिका को लेकर अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी।बता दें कि बीते रोज गगड़ा के गुरुद्वारा साहिब में फायिरंग की घटना को दो बदमाशों ने अंजाम दिया था।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।