मई की शुरुआत तूफानी, आंधी और बारिश से पंजाब का बदला मिजाज; मौसम विभाग का 8 तक अलर्ट
पंजाब में तेज हवाओं और बारिश से कई जिलों में दिन में अंधेरा छा गया। लुधियाना में सबसे अधिक वर्षा हुई। मौसम विभाग ने 6 मई तक आंधी, बारिश और ओलावृष्टि क ...और पढ़ें

नंगल में तेज हवाओं से गिरा पेड़।
आशा मेहता, लुधियाना। रविवार को सक्रिय हुए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मई महीने की पहली वर्षा ने पूरे पंजाब को भिगो दिया। सुबह के समय तेज हवाओं और घने बादलों के साथ हुई जोरदार बारिश ने कई जिलों में हालात बदल दिए। 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली हवाओं के कारण कई स्थानों पर दिन में ही अंधेरा छा गया, कई जगहों पर पेड़ भी गिर गए।
सुबह 6 बजे से 9 बजे के बीच वर्षा के आंकड़ों में लुधियाना सबसे आगे रहा, जहां 24.6 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा चंडीगढ़ में 19.7 मिलीमीटर, मोहाली में 19.0 मिलीमीटर और एक अन्य केंद्र पर 17.6 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई। अमृतसर में 2.2 मिलीमीटर, फिरोजपुर में 2.5 मिलीमीटर, एसबीएस नगर में 2.1 मिलीमीटर और रोपड़ में 1.5 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। पटियाला और फरीदकोट में हल्की बारिश हुई।
यह भी पढ़ें- फतेहगढ़ साहिब में कुदरत मेहरबान, तेज हवाओं के साथ मूसलाधार बारिश; उमस भरी गर्मी से मिली राहत
कई जिलों में बारिश की संभावनाएं
मौसम विभाग, चंडीगढ़ द्वारा जारी विशेष बुलेटिन के अनुसार 4 और 5 मई को पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में आंधी, गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाओं के साथ वर्षा की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है। कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि भी हो सकती है।
इस दौरान अलग-अलग स्थानों पर 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जबकि कुछ इलाकों में यह रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। वहीं, 6 से 8 मई तक हल्की मध्यम बारिश के भी आसार बने हुए हैं।
खबरें और भी
यह भी पढ़ें- चंडीगढ़-मोहाली में आंधी-तूफान ने मचाई तबाही, भारी बारिश से सैकड़ों पेड़ गिरे; बिजली-पानी की सप्लाई ठप
4 डिग्री तक तापमान में गिरावट की संभावना
तापमान को लेकर भी बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। अगले 48 घंटों में अधिकतम तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होगा, लेकिन उसके बाद तापमान में 3 से 4 डिग्री तक गिरावट आने की संभावना जताई गई है।
इधर, भारतीय जनता पार्टी पंजाब द्वारा जारी पत्र में प्रशासन को अलर्ट रहने की सलाह दी गई है। पार्टी ने कहा कि मौसम के इस अचानक बदलाव से किसानों और आम लोगों को नुकसान हो सकता है, इसलिए आपदा प्रबंधन के पुख्ता इंतजाम किए जाएं। साथ ही लोगों से भी सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की गई है।