Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    मानसा में अकाली नेता पर फायरिंग का आरोपित पुलिस मुठभेड़ में घायल, पिस्टल बरामदगी के दौरान चलीं गोलियां, बढ़ा खुलासा

    Updated: Fri, 17 Jul 2026 05:54 PM (GMT+05:30)

    अकाली नेता पर फायरिंग के मामले में गिरफ्तार आरोपित पिस्टल बरामदगी के दौरान पुलिस पर गोली चलाने के बाद जवाबी कार्रवाई में घायल हो गया। पुलिस ने उसे अस् ...और पढ़ें

    गांव दातेवास में घटनास्थल पर मौजूद पुलिस टीम।

    गांव दातेवास में घटनास्थल पर मौजूद पुलिस टीम।

    HighLights

    1. अकाली नेता दलवीर सिंह पर फायरिंग का मुख्य आरोपी।

    2. गुरमीत सिंह उर्फ मीता पुलिस मुठभेड़ में घायल।

    3. हथियार बरामदगी के दौरान आरोपी ने पुलिस पर चलाई गोली।

    संवाद सूत्र, बुढलाडा। अकाली नेता और पूर्व जिला परिषद सदस्य दलवीर सिंह उर्फ काला जवंधा पर हुई फायरिंग के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। इस मामले में गिरफ्तार मुख्य आरोपित गुरमीत सिंह उर्फ मीता पुलिस मुठभेड़ के दौरान घायल हो गया। पुलिस के अनुसार आरोपित वारदात में इस्तेमाल किए गए पिस्टल की बरामदगी के लिए पुलिस टीम के साथ गया था। इसी दौरान उसने पुलिस पर गोली चला दी।

    जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली आरोपित के बाएं पैर में लगी। घायल आरोपित को तुरंत सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है। उपमंडल पुलिस अधिकारी सिकंदर सिंह चीमा ने बताया कि 13 जुलाई की शाम करीब साढ़े सात बजे बरेटा की अनाज मंडी में अपनी आढ़त की दुकान से गांव कुलरियां लौटने की तैयारी कर रहे अकाली नेता दलवीर सिंह उर्फ काला जवंधा पर फायरिंग की गई थी।

    हमले में चली गोली उनके पेट में लगी थी, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इस मामले में पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।

    यह भी पढ़ें- PM Modi in Punjab LIVE: चंडीगढ़ के बाद जालंधर पहुंचे पीएम मोदी, 5470 करोड़ के रेल-सड़क परियोजनाओं का किया उद्घाटन

    बरादमी के दौरान पुलिस पर किया फायर 

    जांच के दौरान पुलिस ने नामजद आरोपित गुरमीत सिंह उर्फ मीता को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर पुलिस उसे वारदात में इस्तेमाल किए गए पिस्टल की बरामदगी के लिए थाना बरेटा प्रभारी गणेश्वर कुमार के नेतृत्व में गांव दातेवास लेकर गई थी। पुलिस का कहना है कि बरामदगी के दौरान आरोपित ने पहले से लोड पिस्टल निकालकर पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।

    गोली पुलिस की बोलेरो गाड़ी में लगी। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक गोली आरोपित के बाएं पैर में लगी और वह मौके पर ही घायल होकर गिर पड़ा।

    यह भी पढ़ें- पीएम मोदी का पंजाब दौरा: मिली ₹5470 करोड़ की सौगात; देश को सौंपे 75 स्टेशन, मिली नई ट्रेन और एक्सप्रेसवे

    घायल आरोपी को अस्पताल में करवाया दाखिल

    पुलिस ने घायल आरोपित को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। अधिकारियों के अनुसार उसकी हालत स्थिर है और उपचार के बाद उससे आगे भी पूछताछ की जाएगी। पुलिस अब यह भी पता लगा रही है कि वारदात में प्रयुक्त हथियार और अन्य साक्ष्यों के अलावा किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका तो नहीं रही।

    खबरें और भी

    इस मामले में दर्ज प्राथमिकी के अनुसार गांव कुलरियां निवासी राजवीर सिंह उर्फ राजू, रवि शर्मा तथा गांव दातेवास निवासी गुरमीत सिंह उर्फ मीता सहित चार लोगों को नामजद किया गया है। शिकायतकर्ता दलवीर सिंह उर्फ काला जवंधा ने आरोप लगाया था कि जमीन विवाद के चलते रवि शर्मा और राजवीर सिंह उर्फ राजू ने गुरमीत सिंह उर्फ मीता को उकसाकर उन पर जानलेवा हमला कराया।

    अन्य की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी

    पुलिस का कहना है कि मामले में फरार अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार उपलब्ध तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर जल्द ही अन्य आरोपितों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस ने स्पष्ट किया कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले किसी भी आरोपित को बख्शा नहीं जाएगा और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच जारी रहेगी।

    यह भी पढ़ें- मांवां-धीयां सत्कार योजना में स्कैम, तरनतारन में 62 महिलाओं का एक ही बैंक खाता; आंगनवाड़ी वर्कर व बेटा नामजद