Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    मानसा में नशे की कथित ओवरडोज से युवक की मौत; पांच लोगों पर मामला दर्ज, गांव में बिक्री पर परिवार ने उठाए सवाल

    Updated: Fri, 27 Mar 2026 01:23 PM (IST)

    मानसा के गांव नंगल कलां में नशे की कथित ओवरडोज से युवक की मौत हो गई। परिवार के बयान पर पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज हुआ। ग्रामीणों ने गांव में नशा ब ...और पढ़ें

    घटनास्थल पर परिवार का सदस्यों के बयान दर्ज करता पुलिस अधिकारी।

    घटनास्थल पर परिवार का सदस्यों के बयान दर्ज करता पुलिस अधिकारी।

    HighLights

    1. मानसा के नंगल कलां में नशे से युवक की मौत।

    2. पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया।

    3. परिवार ने गांव में खुलेआम नशा बिक्री का आरोप लगाया।

    संवाद सहयोगी, मानसा। पंजाब के मानसा जिले के गांव नंगल कलां में नशे की कथित ओवरडोज से एक युवक की मौत का मामला सामने आया है। इस घटना के बाद पुलिस ने मृतक के स्वजन के बयान के आधार पर पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

    मृतक की पहचान अमृतपाल सिंह के रूप में हुई है। सूचना मिलने पर थाना सदर मानसा की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल पहुंचाया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव का परीक्षण कराया गया और फिर परिजनों को सौंप दिया गया।

    मृतक की माता गुरमेल कौर और भाई सेवक सिंह ने बताया कि अमृतपाल सिंह शादीशुदा था और उसकी एक छोटी बेटी भी है। उन्होंने बताया कि अमृतपाल कुछ समय से नशे की लत का शिकार हो गया था। परिवार का आरोप है कि गांव में खुलेआम नशा बिकने के कारण ही उनके बेटे की जान गई है।

    यह भी पढ़ें- फरीदकोट में अज्ञात महिला का शव अस्पताल में छोड़ फरार हुए युवक; पहचान न होने से जांच तेज

    पंचायत ने गांव में नशे की बिक्री पर उठाया सवाल

    परिजनों और गांव की पंचायत ने भी आरोप लगाया कि गांव के कुछ लोग लंबे समय से नशा बेच रहे हैं। उन्हें कई बार चेतावनी दी गई और पंचायत के सामने माफी भी मंगवाई गई, लेकिन इसके बावजूद उन्होंने नशा बेचना बंद नहीं किया। परिवार का कहना है कि इस संबंध में पुलिस को भी कई बार शिकायत दी गई थी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।

    खबरें और भी

    इस मामले में थाना सदर मानसा के प्रभारी भूपिंदरजीत सिंह ने बताया कि मृतक की माता के बयान दर्ज करने के बाद गांव नंगल कलां के रहने वाले बलजिंदर सिंह, बावा सिंह और उनके पिता जरनैल सिंह सहित कुल पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

    यह भी पढ़ें- दुबई में लापता हुआ पंजाब का नेशनल लेवल का वॉलीवॉल प्लेयर; पत्नी लौटी, परिवार को भेजा डेथ सर्टिफिकेट

    पुलिस ने कार्रवाई की शुरू

    उन्होंने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है और आरोपितों की भूमिका की पड़ताल की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जो भी तथ्य सामने आएंगे और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की सख्त कार्रवाई की जाएगी।

    घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है, वहीं लोगों में नशे के खिलाफ गुस्सा भी देखने को मिल रहा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि गांव में नशे के कारोबार पर सख्ती से रोक लगाई जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं दोबारा न हों।

    यह भी पढ़ें- खालिस्तान समर्थक सांसद अमृतपाल सिंह को हाईकोर्ट से झटका; संसद सत्र में शामिल होने की पैरोल याचिका खारिज