'चन्नी पर सौपेंगे गोपनीय रिपोर्ट, आला कमान के हाथ में अंतिम फैसला'; कांग्रेस में गुटबाजी पर बोले भूपेश बघेल
पंजाब कांग्रेस प्रभारी भूपेश बघेल ने कहा कि चरणजीत सिंह चन्नी पर गोपनीय रिपोर्ट आला कमान को सौंपी जाएगी, जो अंतिम फैसला लेगा। ...और पढ़ें
-1785935070409_m.webp)
कांग्रेस में गुटबाजी पर बोले भूपेश बघेल। फोटो जागरण
HighLights
चन्नी पर गोपनीय रिपोर्ट आला कमान को सौंपेंगे भूपेश बघेल।
कांग्रेस आला कमान ही चरणजीत सिंह चन्नी का भविष्य तय करेगा।
'हर बूथ कांग्रेस मजबूत' कार्यक्रम की समीक्षा कर रहे हैं बघेल।
राजेश त्रिपाठी, मोगा। पंजाब कांग्रेस प्रभारी भूपेश बघेल ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता चरणजीत सिंह चन्नी के बारे में अब पार्टी आला कमान ही तय करेगा। मोगा प्रवास पर आए भूपेश बघेल ने कहा कि कांग्रेस ने चन्नी को विधायक, मंत्री, नेता प्रतिपक्ष, मुख्यमंत्री और सांसद सभी पदों पर जिम्मेदारियां दी, लेकिन अब जो भी हो रहा है वह इसकी रिपोर्ट आला कमान को सौंप देंगे।
जब उनसे पूछा गया कि वे रिपोर्ट में क्या कुछ कहने वाले हैं क्योंकि राज्य में हर जगह पर बिखराव साफ नजर आ रहा है। उनका कहना था कि आला कमान को दी जाने वाली रिपोर्ट और फीडबैक बेहद गोपनीय होती है। बंद कमरे में सौंपी जाती है इसलिए यह रिपोर्ट यहां चर्चा का विषय नहीं हो सकती है।
हर बूथ कांग्रेस मजबूत कार्यक्रम की शुरुआत
पत्रकारों से बातचीत में बघेल ने कहा कि हमने यहां राज्य में हर बूथ कांग्रेस मजबूत कार्यक्रम की शुरुआत की थी। हम सभी जिलों में जाकर इसकी समीक्षा कर रहे हैं। इसके जरिए कैसे बूथों को मजबूत करना है। पार्टी के विचारों को आम मतदाता तक कैसे पहुंचना है। इस बारे में चर्चा की जा रही है।
चन्नी के मामले में चुटकी लेते हुए प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा बोर्डिंग ने कहा हर परिवार में छोटे-मोटे मतभेद होते हैं लेकिन इस पूरे मामले में सबसे पॉजिटिव बात यह है कि अब मीडिया ने हमको दिखाना शुरू कर दिया है वरना कांग्रेस को जिस तरह उपेक्षित किया गया था अब हर दिन हमारी ही खबरें हेडलाइन बन रही है।
खबरें और भी
मोगा जिले में लगे पोस्टर
इसके पहले बुधवार सुबह जब लोग जागे तो कई स्थानों पर प्रदेश कांग्रेस प्रभारी और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के फोटो के साथ पोस्टर नजर आए जो कांग्रेस की आधुनिक लड़ाई को साफ रूप से जाहिर कर रहे थे। राज्य भर में यह नेता जहां भी जा रहे हैं वहां इसी तरह का विरोध देखने को मिल रहा है।
एसआईआर में हमारे वोट कम करने की साजिश
प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने आरोप लगाया कि एसआईआर के जरिए प्रत्येक बूथ से कांग्रेस के 15 से 20 वोट कम करने की साजिश रची जा रही है। उन्होंने कहा कि इसके लिए हमने अपने पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं को सतर्क कर दिया है।
दूसरे राज्यों में जो एसआईआर हुई उसमें भी कांग्रेस के मतदाताओं को ही निशाना बनाया गया था। उन्होंने कहा कि राज्य के एक मंत्री हरजोत बैंस कहते हैं कि आप चाहो तो सीबीआई जांच कर लो, जिस सीबीआई को सुप्रीम कोर्ट ने पिंजरे का तोता कहा था, जिस सीबीआई ने आम आदमी पार्टी के कन्वीनर अरविंद केजरीवाल के खिलाफ मुकदमा दर्ज करके उनको जेल में भेजा।
अगर उस जांच एजेंसी पर आम आदमी पार्टी को विश्वास है तो फिर ऐसा लगता है कि भारतीय जनता पार्टी और आम आदमी पार्टी के बीच आपस में समझौता हो गया है जो चुनाव में नजर आएगा।