Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    मोगा में डेंगू के नए मामले सामने आने से हड़कंप, अलर्ट मोड पर स्वास्थ्य विभाग; सिविल सर्जन ने लिया जायजा

    Updated: Thu, 30 Jul 2026 02:41 PM (IST)

    मोगा में डेंगू के चार नए मामले सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग अलर्ट हो गया है। ...और पढ़ें

    मोगा में डेंगू के चार नए मामले सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग अलर्ट (प्रतीकात्मक फोटो)

    मोगा में डेंगू के चार नए मामले सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग अलर्ट (प्रतीकात्मक फोटो)

    HighLights

    1. मोगा में इस सीजन के चार नए डेंगू मामले सामने आए।

    2. स्वास्थ्य विभाग ने एंटी-डेंगू अभियान और लार्वा सर्वे तेज किया।

    3. सिविल सर्जन ने लोगों से पानी जमा न होने देने की अपील की।

    राजकुमार राजू, मोगा। डेंगू की रोकथाम के लिए स्वास्थ्य विभाग ने अपनी गतिविधियां तेज कर दी हैं। वीरवार को सिविल सर्जन डॉ. अशोक सिंगला ने एंटी डेंगू अभियान के तहत विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर मौके पर चल रही गतिविधियों का निरीक्षण किया।

    इस दौरान प्लांट्स नर्सरी, इंडस्ट्रियल एरिया तथा आसपास के इलाकों में मच्छरों के लार्वा की जांच की गई। स्वास्थ्य टीमों ने लोगों को डेंगू से बचाव के लिए घरों और आसपास साफ-सफाई बनाए रखने, कहीं भी पानी जमा न होने देने तथा सप्ताह में कम से कम एक बार पानी रखने वाले बर्तनों को खाली कर अच्छी तरह साफ करने के लिए जागरूक किया।

    निरीक्षण के दौरान सिविल सर्जन डॉ. अशोक सिंगला ने कहा कि डेंगू और मलेरिया जैसी बीमारियों से बचाव के लिए लोगों की भागीदारी बेहद जरूरी है। यदि घरों और आसपास पानी जमा नहीं होने दिया जाए तो मच्छरों की उत्पत्ति को काफी हद तक रोका जा सकता है। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग की टीमों को भी नियमित रूप से संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी जारी रखने के निर्देश दिए।

    इस बीच जिले में इस सीजन का पहला डेंगू संक्रमण सामने आने के बाद अब चार नए मामले भी दर्ज किए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग ने इसे गंभीरता से लेते हुए लोगों से अतिरिक्त सतर्कता बरतने की अपील की है।

    खबरें और भी

    प्रशासन ने नागरिकों से कहा है कि वे अपने घरों में रखे फ्रिज की ट्रे, कूलर, पानी की टंकियां, गमलों, पुराने टायरों तथा अन्य पानी जमा होने वाले स्थानों की नियमित सफाई करें। कूलर का पानी सप्ताह में एक बार अवश्य बदलें और फ्रिज की पीछे लगी ट्रे को भी साफ रखें, ताकि डेंगू फैलाने वाले एडीज मच्छर को पनपने का मौका न मिले।

    स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया कि एंटी डेंगू अभियान लगातार जारी रहेगा और विभिन्न क्षेत्रों में लारवा सर्वे, जागरूकता अभियान तथा निगरानी की कार्रवाई निरंतर की जाएगी। विभाग ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति को तेज बुखार, शरीर में दर्द, सिरदर्द या अन्य डेंगू जैसे लक्षण दिखाई दें तो तुरंत सरकारी स्वास्थ्य केंद्र में जांच कराएं और स्वयं दवा लेने से बचें। प्रशासन का कहना है कि जनसहयोग से ही डेंगू और मलेरिया जैसी गंभीर बीमारियों पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है।