Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    मोगा में सफाई कर्मियों की मांगों पर पंजाब बंद, बाजार बंद और प्रदर्शन से जनजीवन प्रभावित

    Updated: Thu, 30 Jul 2026 11:25 AM (GMT+05:30)

    मोगा में ठेका आधारित सफाई कर्मियों को नियमित करने सहित अन्य मांगों के समर्थन में पंजाब बंद का व्यापक असर दिखा, जिससे शहर के प्रमुख बाजार बंद रहे और सफ ...और पढ़ें

    News Article Hero Image

    HighLights

    1. मोगा में सफाई कर्मियों की मांगों पर पंजाब बंद का असर।

    2. शहर के प्रमुख बाजार बंद रहे, सफाई व्यवस्था प्रभावित हुई।

    3. कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी।

    राजकुमार राजू, मोगा। ठेका आधारित सफाई कर्मियों को नियमित करने सहित लंबित मांगों के समर्थन में दिए गए पंजाब बंद का गुरुवार को मोगा जिले में व्यापक असर देखने को मिला। शहर के प्रमुख बाजारों में सुबह से ही अधिकांश दुकानें बंद रहीं।

    सब्जी, फल एवं कई अन्य व्यापारिक प्रतिष्ठानों ने भी बंद का समर्थन करते हुए अपने प्रतिष्ठान नहीं खोले। सफाई कर्मचारियों के समर्थन में विभिन्न कर्मचारी संगठनों और सामाजिक संस्थाओं ने भी एकजुटता दिखाई।

    हड़ताल के चलते पहले से ही शहर में सफाई व्यवस्था प्रभावित है और कई स्थानों पर कूड़े के ढेर लगे हुए हैं। पंजाब बंद के कारण सामान्य जनजीवन भी प्रभावित रहा। शहर के मुख्य बाजारों में लोगों की आवाजाही कम रही, जबकि कई व्यापारियों ने स्वेच्छा से बंद का समर्थन किया। इसके अलावा कस्बा धर्मकोट में भी बंद का असर देखने को मिला।

    सफाई कर्मचारी नेताओं ने शहर में बैठक कर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया और अपनी मांगों को लेकर जोरदार नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि वे पिछले कई दिनों से अपनी मांगों को लेकर संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन सरकार की ओर से अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं निकला तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

    नगर निगम सफाई कर्मचारी यूनियन के पदाधिकारियों ने कहा कि कर्मचारियों की नियमित नियुक्ति, वेतन संबंधी समस्याओं और अन्य लंबित मांगों का शीघ्र समाधान किया जाए। उनका कहना था कि सरकार को कर्मचारियों की समस्याओं के प्रति गंभीर रुख अपनाना चाहिए।

    खबरें और भी

    उधर, कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। शहर के प्रमुख चौक-चौराहों, सरकारी कार्यालयों और संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए लगातार स्थिति पर नजर बनाए रखी। वहीं दूसरी ओर सरकारी और प्राइवेट बसों का आवागमन आम दिनों की भांति चलता रहा।

    शांति बनाए रखने की अपील

    जिला पुलिस प्रशासन ने लोगों से शांति एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील की है। अधिकारियों ने कहा कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन करना सभी का अधिकार है, लेकिन कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने की अनुमति किसी को नहीं दी जाएगी। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल पूरी तरह तैयार है।