मुक्तसर में मानवता शर्मसार: झाड़ियों में मिला नवजात का भ्रूण, दुर्गंध आने पर पता चला; अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज
मुक्तसर के बल्लमगढ़ रोड पर झाड़ियों में एक नवजात शिशु का भ्रूण मिला, जिसकी सूचना पवन कुमार ने पुलिस को दी। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर भ्रू ...और पढ़ें

झाड़ियों में मिला नवजात का भ्रूण। सांकेतिक फोटो
HighLights
मुक्तसर के बल्लमगढ़ रोड पर मिला नवजात भ्रूण।
पवन कुमार ने बदबू आने पर की पुलिस को सूचना।
पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जागरण संवाददाता, श्री मुक्तसर साहिब। मानवता को शर्मसार करने वाली घटना मुक्तसर में सामने आई है। यहां बल्लमगढ़ रोड पर झाड़ियों में एक नवजात शिशु का भ्रूण पड़ा मिला। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायतकर्ता पवन कुमार उर्फ सोनू पुत्र नत्था राम, निवासी अबोहर रोड गली नंबर दो ने पुलिस को बताया कि वह रंगबुल्ला कंडा के पास कबाड़ की दुकान चलाता है।
दुकान पर बैठे समय उसे पास की झाड़ियों से तेज बदबू आई। शक होने पर जब वह वहां गया तो झाड़ियों में एक नवजात का भ्रूण पड़ा था। उसने तुरंत आसपास की झुग्गियों में रहने वाले लोगों से पूछताछ की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली।
इसके बाद उसने 112 नंबर पर सूचना दी। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। शिकायतकर्ता की मौजूदगी में पुलिस ने भ्रूण को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल मुक्तसर की मोर्चरी में रखवा दिया।
थाना सिटी के जांच अधिकारी सब इंस्पेक्टर गुरदित्ता सिंह ने बताया कि पवन कुमार के बयान पर अज्ञात आरोपितों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला गया है और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर भ्रूण को फेंकने वाले की तलाश कर रहे हैं।