Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    मुक्तसर में जमीनी विवाद से परेशान व्यक्ति पेट्रोल लेकर टंकी पर चढ़ा, पुलिस की समझदारी से टला हादसा

    Updated: Wed, 03 Jun 2026 03:54 PM (IST)

    मुक्तसर के जमीन विवाद से परेशान एक व्यक्ति पेट्रोल की बोतल लेकर वाटर वर्क्स की टंकी पर चढ़ गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर समझाया और बातचीत के बाद उसे स ...और पढ़ें

    टंकी पर चढ़े व्यक्ति से महिला एसएचओ दीपिक कंबोज बात करते हुए।

    टंकी पर चढ़े व्यक्ति से महिला एसएचओ दीपिक कंबोज बात करते हुए।

    HighLights

    1. जमीनी विवाद से परेशान व्यक्ति टंकी पर चढ़ा।

    2. पेट्रोल लेकर विरोध प्रदर्शन करने का प्रयास।

    3. पुलिस ने सूझबूझ से सुरक्षित नीचे उतारा।

    जागरण संवाददाता, मुक्तसर। पंजाब के मुक्तसर में जमीनी विवाद से परेशान एक व्यक्ति द्वारा बुधवार सुबह वाटर वर्क्स की ऊंची टंकी पर चढ़कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कई घंटों तक चली समझदारी के बाद व्यक्ति को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया। समय रहते पुलिस की कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया।

    जानकारी के अनुसार भुट्टीवाला निवासी जगमीत सिंह सुबह गांव सुखना अबलू स्थित वाटर वर्क्स की ऊंची टंकी पर चढ़ गया। उसके हाथ में पेट्रोल की बोतल भी थी। जैसे ही लोगों को इसकी जानकारी मिली, मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस को सूचना दी गई।

    यह भी पढ़ें- अभिभावकों को राहत, निजी स्कूलों की फीस वृद्धि पर पंजाब सरकार का बड़ा फैसला; अब 5 फीसदी ही बढ़ा पाएंगे

    water tank

    पुलिस व युवक के बीच चल रही बातचीत।

    पास आने पर आग लगाने की दी धमकी

    सूचना मिलते ही कोटभाई थाना प्रभारी दीपिका कंबोज पुलिस दल के साथ मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने पहले नीचे से ही जगमीत सिंह को समझाने का प्रयास किया, लेकिन उसने चेतावनी दी कि यदि कोई उसके करीब आने की कोशिश करेगा तो वह अपने ऊपर पेट्रोल डालकर आग लगा लेगा। इस चेतावनी के बाद पुलिस और प्रशासन की चिंता बढ़ गई।

    स्थिति को संभालने के लिए थाना प्रभारी दीपिका कंबोज स्वयं टंकी पर चढ़ीं और जगमीत सिंह से बातचीत शुरू की। काफी देर तक चली बातचीत और भरोसा दिलाने के बाद आखिरकार वह शांत हुआ और पुलिस के आश्वासन पर सुरक्षित नीचे उतर आया। इसके बाद पुलिस ने राहत की सांस ली।

    खबरें और भी

    बेटी के हक दिलाने पहुंचा पिता

    जगमीत सिंह ने बताया कि उसकी बेटी सरबजीत कौर की शादी कुछ वर्ष पहले गांव सुखना अबलू निवासी अर्शविंदर सिंह के साथ हुई थी। उसके अनुसार दामाद की अचानक मृत्यु के बाद विरासत में मिली जमीन का हिस्सा उसकी बेटी और उसकी सास के नाम दर्ज हुआ था। उसने आरोप लगाया कि जमीन और घर से जुड़े अधिकारों को लेकर विवाद चल रहा है तथा उसकी बेटी को उसका हक नहीं दिया जा रहा।

    उसने कहा कि कई बार आपसी स्तर पर समझौते की कोशिश की गई, लेकिन कोई समाधान नहीं निकला। उसका आरोप था कि उसकी बेटी को जमीन और घर में प्रवेश तक नहीं करने दिया जा रहा। उसने यह भी कहा कि कई बार संबंधित पक्षों और अधिकारियों से संपर्क किया गया, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। इसी कारण वह विरोध दर्ज कराने के लिए टंकी पर चढ़ा था।

    यह भी पढ़ें- अमृतसर में दुर्ग्याणा तीर्थ की परिक्रमा में बनी रील पर विवाद, संत ने बेअदबी बताया; कमेटी बोली- परिवार ने मांगी माफी

    पुलिस कानून अनुसार करेगी कार्रवाई

    थाना प्रभारी दीपिका कंबोज ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच जमीन संबंधी विवाद चल रहा है। पुलिस ने व्यक्ति को पूरी तरह सुरक्षित नीचे उतार लिया है और मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि दोनों पक्षों की बात सुनकर कानून के अनुसार उचित कार्रवाई की जाएगी।

    घटना के दौरान इलाके में काफी देर तक तनावपूर्ण माहौल बना रहा, लेकिन पुलिस की सूझबूझ और धैर्यपूर्ण प्रयासों के चलते स्थिति सामान्य हो गई। स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की कार्रवाई की सराहना की, जिसके कारण किसी प्रकार की अप्रिय घटना नहीं हुई।

    यह भी पढ़ें- ढिल्लों के पदभार समारोह से चुनावी संदेश, जाखड़ का जाति-धर्म की राजनीति पर हमला; बिट्टू ने मांगी डबल इंजन की सरकार