Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    पठानकोट में घर में घुसकर युवक की टांगें काटीं, परिवार पर भी किया जानलेवा हमला; आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस

    Updated: Wed, 01 Apr 2026 05:05 AM (IST)

    पठानकोट के शिव नगर में मामूली रंजिश के चलते दस युवकों ने एक परिवार पर घर में घुसकर हमला किया। हमलावरों ने 24 वर्षीय अर्जुन की दोनों टांगें दातर से काट ...और पढ़ें

    रंजिशन घर में घुसकर युवक की काटी टांगें। फाइल फोटो

    रंजिशन घर में घुसकर युवक की काटी टांगें। फाइल फोटो

    HighLights

    1. दस युवकों ने मामूली रंजिश में घर पर हमला किया

    2. युवक अर्जुन की दोनों टांगें दातर से बुरी तरह काटीं

    3. माता-पिता भी घायल, पुलिस जांच जारी, कोई गिरफ्तारी नहीं

    जागरण संवाददाता, पठानकोट। पठानकोट के शिव नगर में सोमवार की रात मामूली रंजिश के चलते दस युवकों ने घर में घुसकर एक परिवार पर हमला कर दिया। हमलावरों ने एक युवक की दोनों टांगों और सिर पर दातर से हमला किया, जिससे युवक की दोनों टांगें बुरी तरह कट गईं।

    इसके अलावा हमलावरों ने युवक की माता के माथे पर भी दातर से हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया, जबकि पिता के हाथ भी तेजधार हथियार से जख्मी हो गए। हमलावरों ने घर में तोड़फोड़ भी की और घर में खड़े वाहनों पर भी तेजधार हथियारों से हमला किया।

    घायलों की पहचान शिव नगर निवासी 24 वर्षीय अर्जुन उर्फ रिक्की, उसके पिता राजकुमार और मा शमां के रूप में हुई है। इस वारदात का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें हमलावर घर में घुसते और बाहर निकलते हुए दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में कुछ युवकों के हाथों में तेजधार हथियार भी दिख रहे हैं। मोहल्ले की महिलाएं हमलावरों को कोसते हुए और मोहल्ले में दोबारा ना आने की बात कहती सुनाई दे रही हैं। थाना 2 पुलिस मामले की जांच कर रही है।

    हमले में घायल परिवार के सदस्यों को मोहल्ले के लोग और रिश्तेदार सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन गंभीर हालत के चलते अर्जुन को निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया। टांगों पर किए गए वार के कारण अर्जुन के दोनों पैर टूट गए हैं। डॉक्टरों ने देर रात आपरेशन किया है, लेकिन खून अधिक बहने के कारण अर्जुन की हालत चिंताजनक बनी हुई है। डॉक्टरों ने कहा है कि अर्जुन कम से कम एक साल तक खड़ा नहीं हो पाएगा।

    खबरें और भी

    घायल अर्जुन के भाई अजय ने बताया कि कुछ समय पहले अर्जुन और ढाकी के रहने वाले युवकों की बाइक बाजार में टकराई थी, जिसके बाद अर्जुन से उनकी बहस भी हुई थी। अजय ने बताया कि अर्जुन ने उनसे माफी भी मांगी थी, लेकिन आरोपित युवक नहीं माने। उस दिन के बाद से लगातार वे अर्जुन को रंजिश निकालने की धमकियां दे रहे थे।

    अजय ने बताया कि हमलावर पूरे परिवार को घायल कर फरार हो गए। पुलिस ने अभी तक कार्रवाई नहीं की। कोई हमलावर गिरफ्तार नहीं हुआ। आरोपित खुले में घूम रहे हैं। बार-बार धमकियां दे रहे हैं। अब पुलिस जल्द से जल्द कार्रवाई करे। ताकि बाकी परिवार सुरक्षित रह सके।

    आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापामारी जारी: डीएसपी

    डीएसपी सिटी विपिन कुमार ने कहा कि मामले में शिकायत मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची थी। घायलों के बयान दर्ज कर लिए गए हैं और आरोपितों की धरपकड़ की कोशिश जारी है। जो लोग आरोपित पाए जाएंगे, उन पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।