Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    पटियाला के पातड़ां-जाखल रोड पर भीषण सड़क हादसा, स्कूल बस ने बाइक सवार दो छात्रों को कुचला; दोनों की मौत

    Updated: Thu, 30 Jul 2026 01:53 PM (GMT+05:30)

    पातड़ां-जाखल रोड पर एक स्कूल बस ने बाइक सवार दो 12वीं कक्षा के छात्रों को कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। ...और पढ़ें

    पटियाला के पातड़ां-जाखल रोड पर भीषण सड़क हादसा (फोटो: जागरण)

    पटियाला के पातड़ां-जाखल रोड पर भीषण सड़क हादसा (फोटो: जागरण)

    HighLights

    1. स्कूल बस ने बाइक सवार दो छात्रों को कुचला।

    2. हादसे में 12वीं कक्षा के दोनों छात्रों की मौत।

    3. गुस्साए लोगों ने पातड़ां-जाखल रोड जाम किया।

    जागरण संवाददाता, पातड़ां/पटियाला। पातड़ा-जाखल रोड पर पंजाब-हरियाणा सीमा के निकट गांव खानेवाल के पास वीरवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक पर स्कूल जा रहे 12वीं कक्षा के दो छात्रों की मौत हो गई। हादसे के बाद गुस्साए लोगों ने सड़क पर जाम लगाकर आरोपितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

    जानकारी के अनुसार गांव हरियाऊ कलां निवासी मोहित कुमार और प्रिंस कुमार बाइक पर सवार होकर संगरूर जिले के गांव बंगा स्थित सीनियर सेकेंडरी स्कूल में पढ़ने जा रहे थे। इसी दौरान मूनक क्षेत्र के गांव हमीरगढ़ स्थित बचपन इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल की एक प्राइवेट बस ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।

    प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा इतना भीषण था कि बस दोनों छात्रों को करीब 50 फुट तक घसीटती हुई ले गई, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में मोहित कुमार अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था।

    हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों में भारी रोष फैल गया। गुस्साए लोगों ने पातड़ां-जाखल रोड पर जाम लगाकर यातायात पूरी तरह ठप कर दिया और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

    परिजनों ने आरोप लगाया कि 25 सीटों वाली स्कूल बस में करीब 45 विद्यार्थियों को बैठाकर ले जाया जा रहा था। उनका यह भी आरोप है कि मौके पर पहुंचे स्कूल प्रिंसिपल का रवैया भी उचित नहीं था, जिससे लोगों का गुस्सा और बढ़ गया।

    घटना की सूचना मिलते ही थाना पातड़ां के प्रभारी इंस्पेक्टर गगनदीप सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभालते हुए जांच शुरू कर दी। पुलिस ने दोनों छात्रों के शव कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं, हादसे के कारण क्षेत्र में लंबे समय तक यातायात बाधित रहा।

    खबरें और भी