पटियाला में नीले ड्रम में मिली 20 साल की लड़की की लाश, एक हाथ पर 'नेहा' और दूसरे पर बना है दिल वाला टैटू
पटियाला की रेलवे कॉलोनी में एक 20 वर्षीय लड़की का शव नीले ड्रम में मिला है। पुलिस ने हत्या की आशंका जताते हुए जांच शुरू कर दी है, जिसमें प्रेम प्रसंग ...और पढ़ें

पंजाब के पटियाला में नीले ड्रम में बंद मिली युवती की लाश।
HighLights
पटियाला में नीले ड्रम में मिला युवती का शव।
हाथ पर 'नेहा' और टैटू से पहचान के सुराग।
पुलिस प्रेम प्रसंग के एंगल से कर रही है जांच।
जागरण संवाददाता, पटियाला। शहर की रेलवे कॉलोनी में नीले ड्रम से एक लड़की की लाश मिलने से सनसनी फैल गई। लड़की की उम्र लगभग 20 वर्ष है। एक हाथ में नेहा लिखा हुआ है, जबकि दूसरे हाथ में दिल वाला टैटू बना है जिस पर एन और ए लिखा हुआ है। लड़की का शव ड्रम के अंदर रखने के बाद उसके ऊपर लाल रंग का लगाया हुआ था।
आशंका है कि हत्या करने के बाद शव को ड्रम में बंद किया गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए राजिंदरा अस्पताल भेज दिया है। लड़की के चेहरे पर हल्का जख्म है, लेकिन शरीर पर कोई चोट नहीं नजर आई। जांच अधिकारी एएसआई गुरबिंदर सिंह ने कहा कि मामला प्रेम प्रसंग का लग रहा है। फिलहाल जांच के लिए दो टीमें गठित की गई हैं।
लड़की की पहचान की कोशिश की जा रही है। पहचान के बाद ही आरोपित तक पहुंचा जा सकेगा। पुलिस अधिकारियों के अनुसार घटनास्थल के आसपास दो सीसीटीवी कैमरे लगे मिले हैं। इन दोनों सीसीटीवी कैमरे की फुटेज को कब्जे में लेकर जांच की जा रही है। घटनास्थल के नजदीक एक तीसरा कैमरा भी लगा था, लेकिन वह बंद पड़ा था। यदि यह कैमरा चल रहा होता तो केस जल्द हल हो जाता क्योंकि नीला ड्रम इस कैमरे की बिल्कुल सीध में था।
जून 2025 में लुधियाना में भी नीले ड्रम में मिली थी लाश
मेरठ के चर्चित 'नीला ड्रम हत्याकांड' के बाद इस तरह की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं। लुधियाना के शेरपुर इलाके में भी जून 2025 में नीले रंग के प्लास्टिक ड्रम में अज्ञात व्यक्ति का सड़ी गली लाश मिली थी। हाथ और पैर रस्सी से बंधे हुए थे। स्थानीय लोगों ने ड्रम से तेज बदबू आने की पुलिस को सूचना दी थी, जिसके बाद लाश बरामद हुई थी।