Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    बाल उड़े तो टूटी आस, दान में मिले बालों से लौटी सांस... पटियाला के मरीज मित्र संस्था बनी कैंसर पीड़ितों का सहारा

    Updated: Mon, 03 Aug 2026 06:35 PM (GMT+05:30)

    पटियाला की मरीज मित्र संस्था कैंसर मरीजों के लिए बाल दान अभियान चला रही है, जिससे उन्हें प्राकृतिक विग मिल सके और आत्मविश्वास लौटे। ...और पढ़ें

    बालों का दान ला रहा कैंसर मरीजों के चेहरों पर मुस्कान।

    बालों का दान ला रहा कैंसर मरीजों के चेहरों पर मुस्कान।

    HighLights

    1. मरीज मित्र संस्था ने 196 लोगों के बाल एकत्रित किए

    2. मुंबई के मदद ट्रस्ट को प्राकृतिक विग बनाने भेजे

    3. कैंसर मरीजों को नि:शुल्क विग से आत्मविश्वास मिलता है

    गौरव सूद, पटियाला। कीमोथैरेपी से गुजर रहे कैंसर के मरीज के लिए सिर से बाल झड़ जाना आत्मविश्वास पर गहरी चोट पहुंचाता है। ऐसे में यदि किसी अनजान व्यक्ति के दान किए गए बाल उसकी पहचान और मुस्कान वापस लौटा दें, तो यह केवल विग नहीं, उम्मीद का उपहार बन जाता है। पटियाला की मरीज मित्र संस्था पिछले दो वर्ष से इसी उम्मीद को लोगों तक पहुंचा रही है।

    संस्था ने हेयर डोनेशन अभियान के जरिये अब तक 196 लोगों के बाल एकत्रित कर मुंबई के मदद ट्रस्ट तक पहुंचाए हैं। वहां इन प्राकृतिक बालों से विग तैयार कर आर्थिक रूप से कमजोर कैंसर मरीजों को निश्शुल्क दी जाती है। इस पहल ने न केवल मरीजों के चेहरे पर मुस्कान लौटाई है, बल्कि समाज में संवेदनशीलता का भी उदाहरण पेश किया है।

    संस्था के संस्थापक गुरमुख गुरु बताते हैं कि वर्ष 2024 में उन्होंने इंटरनेट मीडिया पर अपने एक दोस्त की पोस्ट देखी। उसमें बताया गया था कि उसने अपने बाल दान कर मुंबई के मदद ट्रस्ट को भेजे हैं, जहां उनसे कैंसर मरीजों के लिए प्राकृतिक विग बनाई जाएगी। इसके बाद उन्होंने उस दोस्त से संपर्क किया और खुद दो बार 12-12 इंच तक लंबे बाल बढ़ाकर दान किए।

    Mareez Mitra -1 (1)

    इसके बाद उन्होंने तय किया कि वे मुहिम चलाकर लोगों को भी इससे जोड़ेंगे। शुरुआती दिनों में लोगों को अपने बाल दान करने के लिए तैयार करना आसान नहीं था। कई लोग वर्षों से बढ़ाए बाल कटवाने में हिचकते थे, लेकिन जब उन्हें बताया गया कि उनके बाल किसी कैंसर मरीज को दोबारा आत्मविश्वास के साथ जीने की ताकत दे सकते हैं तो सोच बदलने लगा। धीरे-धीरे परिवार के लोग जुड़े और फिर कुछ विद्यार्थी व अन्य लोग भी जुड़ते चले गए। आज करीब 200 सक्रिय सदस्य इस मुहिम का हिस्सा हैं और 196 लोग अपने बाल दान कर चुके हैं।

    खबरें और भी

    विग बनाने के लिए चाहिए 12 इंच लंबे बाल

    पटियाला में मेडिकल स्टोर चलाने वाले गुरमुख गुरु बताते हैं कि विग बनाने के लिए कम से कम 12 इंच लंबे स्वस्थ बाल लिए जाते हैं। संस्था इन्हें सावधानी से पैक कर मुंबई स्थित मदद ट्रस्ट भेजती है। विशेषज्ञ इन बालों से प्राकृतिक विग तैयार करते हैं।

    Mareez Mitra -2

    कीमोथैरेपी के दौरान बाल झड़ने से कई मरीज घर से निकलने, रिश्तेदारों से मिलने या सार्वजनिक कार्यक्रमों में जाने से भी कतराने लगते हैं। प्राकृतिक विग उन्हें सामान्य जीवन में लौटने का आत्मविश्वास देती है। वे कहते हैं, बाल दोबारा उग आते हैं, लेकिन यदि इन्हीं बालों से किसी कैंसर मरीज का आत्मविश्वास लौट आए, तो इससे बड़ा दान शायद कोई नहीं हो सकता।

    शिविरों और सार्वजनिक आयोजनों में किया जा रहा जागरूक

    Mareez Mitra -3

    मरीज मित्र संस्था केवल इंटरनेट मीडिया तक सीमित नहीं है। टीम विभिन्न सामाजिक कार्यक्रमों, जागरूकता शिविरों और सार्वजनिक आयोजनों में लोगों को जागरूक कर चुकी है। इस अभियान में बार्बर हब सैलून भी अहम भूमिका निभा रहा है। यहां हेयर डोनर्स के बाल निश्शुल्क काटकर उन्हें सुरक्षित तरीके से पैक किया जाता है।

    इस तरह भी मदद करती है संस्था

    मरीज मित्र संस्था का कार्य केवल बाल एकत्रित करने तक सीमित नहीं है। संस्था आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों को निश्शुल्क दवाएं उपलब्ध कराने, रक्त और प्लेटलेट्स की व्यवस्था करने में भी मदद करती है। इसके अलावा संस्था की ओर से घायल और लावारिस पशुओं का उपचार भी करवाया जाता है।