पंजाब शिक्षा विभाग के ट्रांसफर पोर्टल पर उठे सवाल, कहीं दो शिक्षक तो कहीं जरूरत से कई गुना ज्यादा पद
पंजाब के सरकारी स्कूलों में शिक्षक तबादला पोर्टल पर स्वीकृत पदों के गलत आंकड़े दिखाने का आरोप लगा है। कहीं 500 विद्यार्थियों के लिए दो पद तो कहीं 100 ...और पढ़ें

ये AI जनरेटेड इमेज है।
HighLights
पोर्टल पर स्वीकृत पदों में गंभीर विसंगतियां सामने आईं।
कहीं कम छात्रों पर अधिक, कहीं अधिक पर कम शिक्षक।
तबादला प्रक्रिया और शिक्षा व्यवस्था पर नकारात्मक प्रभाव की आशंका।
जागरण संवाददाता, पटियाला। सरकारी स्कूलों में अध्यापकों के हालिया तबादलों के बाद शिक्षा विभाग का आनलाइन ट्रांसफर पोर्टल और पदों के निर्धारण की प्रक्रिया सवालों के घेरे में आ गई है। आरोप है कि स्कूलों में विद्यार्थियों की वास्तविक संख्या और आवश्यकता के अनुरूप स्वीकृत पद (सैंक्शन पोस्ट) दर्शाने के बजाय पोर्टल पर कई जगह गलत आंकड़े प्रदर्शित किए गए हैं।
इसका परिणाम यह हुआ कि कहीं कम छात्र संख्या वाले स्कूलों में आवश्यकता से अधिक अध्यापकों की पोस्टें दिखाई गईं, जबकि सैकड़ों विद्यार्थियों वाले स्कूलों में बेहद कम पद दर्शाए गए। इससे न केवल तबादला प्रक्रिया पर सवाल उठे हैं, बल्कि आगामी समय में विद्यार्थियों की पढ़ाई और स्कूलों के सुचारु संचालन पर भी असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है।
यह भी पढ़ें- चंडीगढ़ में शादी की रस्मों के बाद सामान चेक करते समय उड़े होश, लाखों के गहने गायब; रिश्तदारों और परिचितों पर शक
500 विद्यार्थी, लेकिन पोस्टें दो
पटियाला जिले के कई स्कूलों के उदाहरण इस विसंगति को उजागर करते हैं। पटियाला से सटे अलीपुर गांव के सरकारी एलीमेंट्री स्कूल में करीब 500 विद्यार्थी पढ़ रहे हैं, लेकिन ट्रांसफर पोर्टल पर यहां 12 की बजाय केवल दो ही सैंक्शन पोस्टें दिखाई गई हैं। ऐसे में यदि नियुक्तियां भी इन्हीं पदों के आधार पर होंगी तो दो अध्यापकों के लिए पांच सौ विद्यार्थियों की पढ़ाई, कक्षाओं का संचालन और प्रशासनिक जिम्मेदारियां संभालना बेहद कठिन हो जाएगा।
100 छात्रों के स्कूल में दिखीं 14 पोस्टें
दूसरी ओर, अबलोवाल के सरकारी एलीमेंट्री स्कूल में करीब 100 विद्यार्थियों के मुकाबले पोर्टल पर 14 अध्यापकों की पोस्टें दिखाई गई हैं। वहीं कुछ आंकड़ों के अनुसार इसी स्कूल में 27 पद भी दर्शाए गए हैं। इसी प्रकार रसूलपुर जौड़ा एलीमेंट्री स्कूल में मात्र 19 विद्यार्थियों के लिए पांच अध्यापकों की पोस्टें दिखाई जा रही हैं। इन उदाहरणों ने शिक्षा विभाग की तबादला नीति और आनलाइन पोर्टल पर प्रदर्शित पदों की सटीकता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
खबरें और भी
यह भी पढ़ें- मोगा के फार्मेसी कॉलेज की छात्रा ने बनाया इंडिया बुक आफ रिकार्ड, 39 फीट लंबे कपड़े पर मेहंदी से रचा इतिहास
शिक्षक संगठनों ने उठाया सवाल
शिक्षक संगठनों का कहना है कि यदि विद्यार्थियों की संख्या के अनुरूप पदों का निर्धारण नहीं किया गया तो शिक्षा व्यवस्था पर इसका नेगेटिव प्रभाव पड़ेगा। अधिक छात्र संख्या वाले स्कूलों में शिक्षकों की कमी से शिक्षण कार्य प्रभावित होगा, जबकि कम विद्यार्थियों वाले स्कूलों में जरूरत से अधिक पद होने से सरकारी संसाधनों का संतुलित उपयोग नहीं हो सकेगा।
उनका कहना है कि तबादला प्रक्रिया का उद्देश्य स्कूलों में समान और न्यायसंगत स्टाफ उपलब्ध कराना होना चाहिए, न कि असंतुलन पैदा करना।
स्वीकृत पदों में करीब 600 अधिक पोस्टें दिखाई
गवर्नमेंट टीचर्स यूनियन पंजाब, जिला पटियाला के प्रधान जसविंदर सिंह समाना ने दावा किया कि तबादला प्रक्रिया शुरू होने से पहले ही शिक्षा मंत्री, शिक्षा सचिव, डीपीआई तथा जिला शिक्षा अधिकारी को लिखित रूप में अवगत कराया गया था कि पटियाला जिले में स्वीकृत पदों की तुलना में करीब 600 अतिरिक्त ईटीटी अध्यापकों की पोस्टें पोर्टल पर दिखाई जा रही हैं।
उनका कहना है कि यदि समय रहते इस तकनीकी एवं प्रशासनिक विसंगति को दूर कर लिया जाता तो बड़ी संख्या में अध्यापकों को अनावश्यक परेशानियों का सामना नहीं करना पड़ता।
विभाग को पहले ही किया था आगाह
गवर्नमेंट टीचर्स यूनियन पंजाब, जिला पटियाला के प्रधान जसविंदर सिंह समाना ने कहा कि विभाग के उच्च अधिकारियों और पंजाब के शिक्षा मंत्री को पहले ही लिखित रूप में बताया गया था कि कई स्कूलों में आवश्यकता से अधिक पोस्टें दिखाई जा रही हैं। इसके बावजूद सुधार किए बिना तबादला प्रक्रिया आगे बढ़ा दी गई। उन्होंने आरोप लगाया कि इससे आनलाइन ट्रांसफर नीति की विश्वसनीयता पर प्रश्नचिह्न लग गया है और यदि समय रहते पोर्टल में सुधार नहीं किया गया तो शिक्षा व्यवस्था और अधिक प्रभावित हो सकती है।
मामला उच्चाधिकारियों के ध्यान में
डिप्टी डीईओ मनविंदर कौर भुल्लर ने बताया कि मामला विभाग के ध्यान में है। इस संबंधी उच्च अधिकारियों को अवगत करवाया गया है और मामले में निरंतर कार्रवाई जारी है। उन्होंने कहा कि इस समस्या का जल्द हल निकाला जाएगा।