Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    डिलीवरी एजेंट बनकर घूमते थे तस्कर, पार्सल में छिपाकर पहुंचाते थे हथियार; पटियाला पुलिस ने तोड़ा नेटवर्क

    Updated: Mon, 13 Jul 2026 03:42 PM (IST)

    पटियाला पुलिस ने हथियार सप्लाई करने वाले चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी डिलीवरी एजेंट की वर्दी पहनकर पार्सल जैसी पैकिंग में हथियार पहुंचाते थ ...और पढ़ें

    गैंग की जानकारी देते हुए पुलिस अधिकारी।

    गैंग की जानकारी देते हुए पुलिस अधिकारी।

    HighLights

    1. पटियाला पुलिस ने अवैध हथियार तस्कर गिरोह का किया पर्दाफाश।

    2. आरोपी डिलीवरी एजेंट की वर्दी में करते थे हथियारों की सप्लाई।

    3. गैंगस्टर सोनू खत्री के इशारे पर पंजाब में फैला था नेटवर्क।

    जागरण संवाददाता, पटियाला। पटियाला पुलिस ने पंजाब में अवैध हथियारों की तस्करी करने वाले एक ऐसे गिरोह का पर्दाफाश किया है, जिसने हथियारों की सप्लाई के लिए बेहद शातिर तरीका अपनाया हुआ था। पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जो एक निजी डिलीवरी कंपनी के एजेंट जैसी वर्दी पहनकर घूमते थे।

    इतना ही नहीं, हथियारों को भी पार्सल जैसी पैकिंग में रखा जाता था, ताकि किसी को उन पर शक न हो। पुलिस का कहना है कि यह गिरोह नवांशहर के गैंगस्टर सोनू खत्री के इशारे पर पंजाब के विभिन्न इलाकों में हथियार पहुंचा रहा था।

    वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक वरुण शर्मा ने पत्रकार वार्ता में बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गांव गढ़दीवाल, जिला होशियारपुर निवासी विशाल, सीढेरी शीशगढ़, जिला बरेली निवासी सुभाष, गांव टल्ला, जिला होशियारपुर निवासी जिंदर उर्फ सागर और भार्गव कैंप, जिला जालंधर निवासी बादल कुमार के रूप में हुई है।

    यह भी पढ़ें- हांगकांग पहुंचे जत्थेदार की विदेशों में बसे सिखों से अपील, विरासत और मातृभाषा से न तोड़ें नाता

    पार्सल पैकिंग में रखते थे हथियार

    पुलिस जांच में सामने आया कि चारों आरोपी डिलीवरी एजेंट जैसी वर्दी पहनकर सामान्य पार्सल वितरण करने वाले कर्मचारियों की तरह आवाजाही करते थे। हथियारों को भी डिलीवरी पार्सल जैसी पैकिंग में रखा जाता था, जिससे रास्ते में किसी को संदेह नहीं होता था। इसी तरीके का फायदा उठाकर गिरोह लंबे समय से अवैध हथियारों की सप्लाई कर रहा था।

    खबरें और भी

    वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पूछताछ के दौरान यह भी सामने आया है कि सभी आरोपी नवांशहर निवासी गैंगस्टर सोनू खत्री के संपर्क में थे। उसी के निर्देश पर यह गिरोह अलग-अलग स्थानों पर हथियार पहुंचाता था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि अब तक कितने हथियार सप्लाई किए गए और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोग कौन हैं।

    यह भी पढ़ें- मुक्तसर में शाम को घर से निकला बच्चा, सुबह झाड़ियों में मिला शव; परिवार ने मोबाइल लूट कर हत्या का लगाया आरोप

    पूछताछ के बाद हो सकती है और गिरफ्तारियां

    पुलिस गिरोह के पूरे नेटवर्क को खंगाल रही है। यह भी जांच की जा रही है कि हथियार कहां से लाए जाते थे, किन लोगों तक पहुंचाए जाते थे और इस पूरे अवैध कारोबार में कौन-कौन लोग शामिल हैं। अधिकारियों का मानना है कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में कई और अहम खुलासे हो सकते हैं।

    पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही गिरोह से जुड़े अन्य संदिग्धों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक वरुण शर्मा ने कहा कि संगठित अपराध और अवैध हथियारों की तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा। पुलिस का उद्देश्य ऐसे नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त करना है, ताकि पंजाब में अपराध पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके।

    यह भी पढ़ें- PM के पंजाब दौरे से पहले लुधियाना के स्कूल को मिली बम से उड़ाने की धमकी, ईमेल से मचा हड़कंप; खाली कराया परिसर