रोपड़ के नंगल में सियासी उबाल, राणा केपी सिंह के नेतृत्व में कांग्रेसियों ने किया थाने का घेराव; धक्केशाही का आरोप
नंगल में कांग्रेस ने राणा केपी सिंह के नेतृत्व में पुलिस थाने का घेराव कर प्रदर्शन किया। ...और पढ़ें
-1783406108979_m.webp)
नंगल में पुलिस थाने के सामने की मेन गेट पर धरना देते हुए कांग्रेस पार्टी के वर्कर (फोटो: जागरण)
HighLights
कांग्रेस ने नंगल में पुलिस थाने का घेराव किया।
राणा केपी सिंह ने नवनिर्वाचित पार्षदों के समर्थन में नेतृत्व किया।
नगर कौंसिल अध्यक्ष चुनाव से पहले बढ़ा सियासी तनाव।
जागरण संवाददाता, नंगल। नंगल नगर कौंसिल के अध्यक्ष, वरिष्ठ उपाध्यक्ष व उपाध्यक्ष पद के चुनाव से ठीक पहले कांग्रेस नेताओं व नवनिर्वाचित पार्षदों ने पुलिस थाना के समक्ष धरना देकर जोरदार प्रदर्शन शुरू कर दिया है।
पंजाब विधानसभा के पूर्व स्पीकर राणा के पी सिंह के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने थाना परिसर के बाहर बैठकर नारेबाजी की तथा विजयी पार्षदों के साथ कथित धक्केशाही व पुलिस प्रशासन के रवैये के खिलाफ आवाज बुलंद की।
धरने में कांग्रेस के नवनिर्वाचित पार्षदों के साथ बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी व समर्थक भी मौजूद हैं। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि विजयी पार्षदों के साथ कथित तौर पर धक्केशाही की गई, जिसके विरोध में वे न्याय की मांग को लेकर धरने पर बैठे हैं।
उल्लेखनीय है कि आज दोपहर 12 बजे नंगल नगर कौंसिल के अध्यक्ष, वरिष्ठ उपाध्यक्ष तथा उपाध्यक्ष पद के लिए चुनाव प्रक्रिया निर्धारित है। हालांकि इस महत्वपूर्ण बैठक में शामिल होने के बजाय कांग्रेस के सभी नवनिर्वाचित पार्षद राणा केपी सिंह के साथ धरने पर बैठ गए, जिससे नगर कौंसिल गठन की प्रक्रिया को लेकर राजनीतिक हलचल और तेज हो गई है।
हाल ही में संपन्न नंगल नगर कौंसिल चुनाव में कुल 19 वार्डों में से आम आदमी पार्टी ने 8, कांग्रेस ने 8 तथा भाजपा ने 3 वार्डों में जीत दर्ज की थी। किसी भी दल को स्पष्ट बहुमत नहीं मिलने के कारण नगर कौंसिल गठन को लेकर पहले से ही सियासी समीकरण चर्चा का विषय बने हुए हैं। ऐसे में मतदान से ठीक पहले कांग्रेस का धरना स्थानीय राजनीति में नए घटनाक्रम के रूप में देखा जा रहा है।