संगरूर में विजिलेंस का बड़ा एक्शन, महिला थाने का ASI हजारों रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार
संगरूर में महिला पुलिस थाने के एएसआई कमलजीत सिंह को विजिलेंस ने 7,000 रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। ...और पढ़ें

7 हजार रुपये की रिश्वत लेता एएसआई विजिलेंस ने दबोचा (प्रतीकात्मक फोटो)
HighLights
एएसआई कमलजीत सिंह 7 हजार रिश्वत लेते गिरफ्तार।
घरेलू विवाद मामले में चालान के लिए रिश्वत मांगी।
विजिलेंस ब्यूरो पटियाला ने भ्रष्टाचार अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया।
जागरण संवाददाता, संगरूर। महिला पुलिस थाना पुलिस लाइंस संगरूर में तैनात एएसआई (लोकल रैंक) कमलजीत सिंह को 7 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों काबू किया है। विजिलेंस ने जानकारी देते बताया कि उक्त आरोपी को भवानीगढ़ जिला संगरूर निवासी एक व्यक्ति द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर गिरफ्तार किया गया है।
शिकायतकर्ता का अपनी पत्नी के साथ घरेलू विवाद चल रहा था, जिसके कारण उसकी पत्नी उससे अलग रह रही थी। बाद में उसकी पत्नी ने महिला पुलिस थाना संगरूर में शिकायतकर्ता, उसके पिता व उसके भाई के विरुद्ध शिकायत दर्ज करवाई थी।
इस मामले की जांच एएसआई कमलजीत सिंह कर रहा था। आरोप है कि उसने इस मामले का चालान सक्षम न्यायालय में प्रस्तुत करने के बदले शिकायतकर्ता से 10,000 रुपये रिश्वत की मांग की थी।
शिकायतकर्ता रिश्वत की पहली किस्त के रूप में एएसआई को पहले ही 3000 रुपये दे चुका था व शेष 7000 रुपये शीघ्र देने का आश्वासन दिया था। रिश्वत की शेष राशि देने के लिए सहमति जताने के बाद शिकायतकर्ता ने विजिलेंस ब्यूरो रेंज पटियाला से संपर्क किया।
शिकायत की जांच के उपरांत विजिलेंस टीम ने एएसआई को शिकायतकर्ता से 7000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। एएसआई के खिलाफ विजिलेंस ब्यूरो थाना पटियाला में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर अगली की जांच जारी है।