बम की धमकी से मचा हड़कंप, संगरूर प्रबंधकीय परिसर और आर्मी स्कूल में ईमेल के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट
संगरूर में जिला प्रबंधकीय परिसर और आर्मी स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी भरी ईमेल मिली। पुलिस और सेना ने जांच की, कुछ संदिग्ध नहीं मिला। ...और पढ़ें

ये AI जनरेटेड इमेज है।
HighLights
संगरूर में जिला परिसर और आर्मी स्कूल को धमकी मिली।
बम की धमकी वाली ईमेल से सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हुईं।
तलाशी में कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली, स्थिति सामान्य।
जागरण संवाददाता, संगरूर। संगरूर में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब जिला प्रबंधकीय परिसर और छावनी स्थित आर्मी स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी भरी ईमेल मिलने की सूचना सामने आई। ईमेल मिलते ही पुलिस प्रशासन और सेना तुरंत सक्रिय हो गए। एहतियात के तौर पर दोनों स्थानों पर व्यापक तलाशी अभियान चलाया गया। हालांकि जांच के दौरान किसी भी प्रकार की संदिग्ध या आपत्तिजनक वस्तु बरामद नहीं हुई।
सोमवार सुबह जब जिला प्रबंधकीय परिसर और आर्मी स्कूल का स्टाफ अपने-अपने कार्यालय और संस्थान पहुंचा, तभी धमकी भरी ईमेल मिलने की जानकारी मिली। सूचना मिलते ही जिला प्रशासन ने पुलिस को अलर्ट किया। इसके बाद पुलिस टीमों ने जिला प्रबंधकीय परिसर की पूरी तरह जांच की, जबकि आर्मी स्कूल परिसर की सुरक्षा जांच सेना ने अपने स्तर पर की।
यह भी पढ़ें- संसद के बाहर फार्मेसी परीक्षा विवाद पर कांग्रेस सांसदों का प्रदर्शन; मुख्यमत्री मान कर चुके पेपर लीक से इनकार
बारीकी से की गई परिसर में जांच
जांच के दौरान परिसर के प्रत्येक हिस्से की बारीकी से तलाशी ली गई। सुरक्षा एजेंसियों ने यह सुनिश्चित किया कि कहीं कोई संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री मौजूद न हो। जांच पूरी होने के बाद अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि किसी भी स्थान से कोई आपत्तिजनक वस्तु नहीं मिली और स्थिति पूरी तरह सामान्य है।
इस संबंध में नगर पुलिस अधीक्षक (जांच) दविंदर सिंह अत्तरी और पुलिस उपाधीक्षक दलवीर सिंह ने बताया कि कुछ असामाजिक तत्व लोगों में डर और दहशत फैलाने के उद्देश्य से इस तरह की धमकी भरी ईमेल भेजते रहते हैं। उन्होंने कहा कि इससे पहले भी अदालत परिसर और कुछ शिक्षण संस्थानों को इसी प्रकार की ईमेल मिल चुकी हैं, लेकिन जांच के दौरान कोई खतरा सामने नहीं आया था।
खबरें और भी
यह भी पढ़ें- बठिंडा में आरोपी महिला नशा तस्कर पर कार्रवाई, बुलडोजर से ढहाई अवैध इमारत, पुलिस ने जारी किया सख्त संदेश
अफवाहों से बचने की दी सलाह
अधिकारियों ने बताया कि पुलिस लगातार संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा जांच अभियान चलाती रहती है। सोमवार को भी पूरी सावधानी के साथ तलाशी अभियान चलाया गया और कहीं भी कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। उन्होंने लोगों से अपील की कि इस तरह की अफवाहों या धमकी भरे संदेशों से घबराने की आवश्यकता नहीं है।
पुलिस के अनुसार, धमकी भरी ईमेल भेजने वालों की पहचान के लिए तकनीकी जांच शुरू कर दी गई है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि ईमेल विदेशी ईमेल आईडी और विदेशी आईपी पते का उपयोग कर भेजी गई है। साइबर विशेषज्ञों की मदद से ईमेल के स्रोत का पता लगाया जा रहा है।