पंजाब भाजपा में बगावत के सुर पर कार्रवाई, तीन नेताओं को कारण बताओ नोटिस; सात दिन में मांगा जवाब
पंजाब भाजपा ने संगठन महामंत्री के खिलाफ सार्वजनिक बयान और भाजपा बचाओ पैदल यात्रा के आह्वान पर तीन नेताओं को कारण बताओ नोटिस जारी कर सात दिन में जवाब मांगा।

संगरूर के नेता, जिन्हें शो-कॉज नोटिस जारी किया गया।
HighLights
तीन भाजपा नेताओं को कारण बताओ नोटिस जारी।
संगठन महामंत्री के खिलाफ सार्वजनिक बयानबाजी का आरोप।
'पंजाब भाजपा बचाओ पैदल यात्रा' का किया था आह्वान।
जागरण संवाददाता, संगरूर। पंजाब भाजपा में संगठनात्मक बदलाव को लेकर चल रहा असंतोष अब अनुशासनात्मक कार्रवाई तक पहुंच गया है। प्रदेश संगठन महामंत्री मंथरी श्रीनिवासुलू के खिलाफ सार्वजनिक रूप से आवाज उठाने और 29 अगस्त को संगरूर में पंजाब भाजपा बचाओ पैदल यात्रा निकालने का आह्वान करने वाले तीन नेताओं को पार्टी की अनुशासन समिति ने कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
भाजपा के पूर्व जिला प्रधान मनिंदर कपियाल, रणदीप दियोल और पूर्व समन्वयक जतिंदर कालड़ा को यह नोटिस अनुशासन समिति के चेयरमैन सोम प्रकाश की ओर से जारी किया गया है। पार्टी ने इन नेताओं पर पार्टी लाइन के विपरीत सार्वजनिक बयान देने और संगठन की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाया है। नोटिस में सात दिन के भीतर लिखित स्पष्टीकरण देने को कहा गया है।
यह भी पढ़ें- फरीदकोट में स्पीकर के आवास की ओर बढ़ रहे किसानों को पुलिस ने रोका, कई हिरासत में; सड़क जाम करने पर बढ़ा तनाव
प्रेस कान्फ्रेंस में दिए बयानों पर सवाल
नोटिस के अनुसार, अनुशासन समिति के संज्ञान में आया कि संबंधित नेताओं ने 25 अगस्त को संगरूर में प्रेस कान्फ्रेंस की थी। इसमें भाजपा के आंतरिक मामलों और संगठनात्मक मुद्दों को लेकर ऐसे बयान दिए गए, जिन्हें पार्टी की स्थापित लाइन और अनुशासन के विपरीत माना गया।
पार्टी ने कहा है कि इस तरह के आचरण से भाजपा की प्रतिष्ठा, विश्वसनीयता और संगठनात्मक छवि पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ा है। नेताओं से प्रेस कान्फ्रेंस में उनकी व्यक्तिगत भूमिका, दिए गए बयानों और कार्यक्रम आयोजित करने अथवा उसमें शामिल होने का उद्देश्य स्पष्ट करने को कहा गया है।
नोटिस में चेतावनी दी गई है कि सात दिन के भीतर जवाब नहीं देने पर पार्टी संविधान और नियमों के तहत बिना अतिरिक्त नोटिस के अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू की जा सकती है।
यह भी पढ़ें- कपूरथला में IDBI बैंक की शाखा में आग से मची अफरा-तफरी, लाखों के नुकसान का अनुमान; लॉकर सुरक्षित
जिला प्रधान बदलने के बाद बढ़ा विवाद
दरअसल, अगस्त के पहले सप्ताह में भाजपा ने पंजाब के करीब 13 दिन पहले नियुक्त किए गए जिला प्रधानों को हटाकर नए प्रधान नियुक्त किए थे। संगरूर में मनिंदर कपियाल की जगह सरजीवन जिंदल को जिला प्रधान बनाया गया। इसके बाद कपियाल और उनके समर्थक नेताओं ने संगठन महामंत्री मंथरी श्रीनिवासुलू पर मनमानी और धक्केशाही के आरोप लगाए थे।
इन नेताओं ने पार्टी हाईकमान से संगठन महामंत्री के खिलाफ कार्रवाई करने और पुराने नेताओं का सम्मान बहाल करने की मांग की थी। साथ ही 29 अगस्त को संगरूर में पंजाब भाजपा बचाओ पैदल यात्रा निकालने का एलान किया था। वहीं, भाजपा नेता जतिंदर कालड़ा ने कहा कि उन्हें अभी तक पार्टी की अनुशासन समिति की ओर से कोई नोटिस प्राप्त नहीं हुआ है।
