संगरूर में हनीट्रैप और ब्लैकमेलिंग का शिकार हुए चेयरपर्सन के पति, जहर निगलने के बाद हालत गंभीर
पंचायत समिति दिड़बा की चेयरपर्सन मनजीत कौर के पति रणजीत सिंह ने हनीट्रैप और ब्लैकमेलिंग के चलते जहरीला पदार्थ निगल लिया। ...और पढ़ें

संगरूर में हनीट्रैप और ब्लैकमेलिंग का शिकार हुए चेयरपर्सन के पति (प्रतीकात्मक फोटो)
संवाद सूत्र, दिड़बा/संगरूर। हनी ट्रैप का शिकार हुए पंचायत समिति दिड़बा की चेयरपर्सन मनजीत कौर के पति रणजीत सिंह ने बदनामी के डर से कथित तौर पर जहरीला पदार्थ निगलकर आत्महत्या का प्रयास किया। गंभीर हालत में उन्हें सिविल अस्पताल पहुंचाया गया।
प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उन्हें पटियाला के राजिंदरा अस्पताल रेफर कर दिया। फिलहाल उनका इलाज जारी है। एक महिला ने अपनी साथियों सहित मिलकर रणजीत सिंह को हनी ट्रैप में फंसाया व फिर उस पर दुष्कर्म का झूठा केस दर्ज करने की धमकी देकर पांच लाख रुपये की मांग की, जिससे आहत होकर रणजीत सिंह ने यह खौफनाक कदम उठाया।
सुनियोजित तरीके से हनीट्रैप में फंसाया
रणजीत सिंह के पिता गुरमेल सिंह ने आरोप लगाया कि रणजीत सिंह को सुनियोजित तरीके से किसी लड़की की ओर से हनीट्रैप में फंसाकर ब्लैकमेल किया जा रहा था। एक महिला ने लोन दिलवाने का झांसा देकर पिछले कई दिनों से रणजीत सिंह से संपर्क बनाए रखा।
18 मई को महिला ने उन्हें मिलने के लिए बुलाया व बाद में उन्हें घर ले आई। इसी दौरान महिला के साथ 4-5 अन्य लोग भी वहां पहुंच गए। गुरमेल सिंह का कहना है कि आरोपितों ने उनके बेटे व महिला की जबरन तस्वीरें खींचीं व उसके बेटे को दुष्कर्म के केस में फंसाने की धमकी देकर पांच लाख रुपये की मांग की।
खबरें और भी
कुछ दस्तावेजों पर भी जबरन हस्ताक्षर करवाए गए। मानसिक दबाव व कथित ब्लैकमेलिंग से परेशान होकर रणजीत सिंह ने यह कदम उठा लिया। रणजीत सिंह पंजाब एंड सिंध बैंक में चपरासी के पद पर कार्यरत हैं।
दो महिलाओं समेत छह आरोपितों के खिलाफ केस दर्ज
डीएसपी डॉ. रूपिंदर कौर बाजवा ने बताया कि पंचायत समिति दिड़बा की चेयरपर्सन मनजीत कौर की शिकायत पर पुलिस ने संदीप कौर पत्नी जग्गी सिंह निवासी बहादुरपुर, जग्गी सिंह, हरजोत सिंह, बलविंदर कौर, गोपाल सिंह, हैपी सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। शिकायत के आधार पर आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी गई है व पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है।