संगरूर में नाई की दुकान पर दो युवकों को उतारा मौत के घाट, खूनी हमले से इलाके में दहशत
धूरी में मंगलवार दोपहर एक नाई की दुकान में दो युवकों पर तेजधार हथियारों से हमला हुआ। हमले में गंभीर रूप से घायल हुए देव कुमार व अनिल कुमार की अस्पताल ...और पढ़ें
-1783430322855_m.webp)
संगरूर में दो युवकों की हत्या। सांकेतिक फोटो
HighLights
धूरी में नाई की दुकान में दो युवकों पर हमला।
देव कुमार और अनिल कुमार की हमले में मौत हुई।
आपसी रंजिश के चलते हुआ यह खूनी हमला।
संवाद सहयोगी, धूरी (संगरूर)। धूरी के बाजार में मंगलवार दोपहर को उस समय दहशत का माहौल बन गया, जब शहर की कक्कड़वाल रोड स्थित एक नाई की दुकान में बैठे दो युवकों पर आधा दर्जन हमलावरों ने तेजधार हथियारों से हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया।
घायल अवस्था में युवकों को अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां उनकी मौत हो गई। हमलावर मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस पार्टी ने जांच पड़ताल आरंभ कर दी।
घटनास्थल से मिली जानकारी के अनुसार धूरी-बरनाला रोड स्थित हरदीप सिंह निवासी बमाल के सैलून के अंदर बैठे दो नौजवान देव कुमार व अनिल कुमार पर मोटरसाइकिलों पर सवार पांच-छह अज्ञात हमलावरों ने तेजधार हथियारों से हमला कर दिया।
हमले में दोनों को बुरी तरह घायल कर दिया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हमलावरों द्वारा किए गए इस खूनी हमले से आसपास के इलाके में दहशत फैल गई। बाद में गंभीर रूप से घायल दोनों व्यक्तियों को सिविल अस्पताल धूरी ले जाया गया। घायलों में देव कुमार की अस्पताल पहुंचने से पहले ही मृत्यु हो चुकी थी, जबकि अनिल कुमार ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
स्थानीय लोगों के अनुसार दोनों पक्षों के बीच पिछले कुछ समय से आपसी रंजिश चली आ रही थी। घटनास्थल पर पहुंचे डीएसपी धूरी गुरप्रीत सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
मामले में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है तथा आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। सिविल अस्पताल धूरी के आपातकालीन विभाग के डा. जश्नप्रीत सिंह ने बताया कि दोनों पर तेजधार हथियारों से हमला किया गया था, जिससे उनकी मौत हो गई।