जयपुर में निर्माणाधीन इमारत की छत गिरी, 11 मजदूर दबे; रेस्क्यू कर पहुंचाया गया अस्पताल
जयपुर के झालाना स्थित वन विभाग परिसर में निर्माणाधीन इमारत की छत गिरने से 11 मजदूर घायल हो गए। सभी घायलों को एसएमएस अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जह ...और पढ़ें
HighLights
जयपुर के झालाना में निर्माणाधीन इमारत की छत गिरी।
हादसे में 11 मजदूर घायल, अस्पताल में भर्ती।
किसी की मौत नहीं, घटना की विस्तृत जांच के आदेश।
डिजिटल डेस्क, जयपुर। जयपुर के झालाना इलाके में एक निर्माणाधीन इमारत की छत गिरने से करीब 11 मजदूर घायल हो गए। इमारत वन विभाग के फॉरेस्ट्री ट्रेनिंग इंस्टीट्यूटकॉम्प्लेक्स में स्थित थी।
अधिकारियों ने सोमवार को बताया कि हादसा तब हुआ, जब मजदूर वन विभाग की नई बिल्डिंग के निर्माण कार्य में लगे थे। तभी बिल्डिंग की छत का एक हिस्सा ढह गया और 11 मजदूर मलबे के नीचे दब गए थे।
ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया
हादसे के तुरंत बाद रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया और सभी मजदूरों को निकालकर इलाज के लिए सवाई मान सिंह अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया।
बताया जा रहा है कि घायलों में दो उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं, जबकि बाकी बिहार के निवासी हैं। SMS अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर के नोडल अधिकारी डॉ. राजेंद्र मंडिया ने कहा कि 9 मजदूरों को ओपीडी में भर्ती किया गया है। सभी की हालत स्थिर है और इलाज चल रहा है।

किसी की मौत नहीं
अधिकारियों ने बताया कि इस घटना में किसी की मौत नहीं हुई है। घटना की सूचना मिलने के तुरंत बाद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और छत गिरने के कारणों की जांच शुरू की।
अनुमान लगाया जा रहा है कि हादसा निर्माणाधीन छत के स्लैब के अचानक गिरने के कारण हुआ होगा। निर्माण की गुणवत्ता और साइट पर तय सुरक्षा नियमों का पालन किया गया था या नहीं, इसकी भी जांच की जा रही है। मामले में विस्तृत जांच के आदेश दिए गए हैं।
