भीलवाड़ा: साली ने शारीरिक संबंध बनाने से किया इनकार, जीजा ने कर दी हत्या; हादसा बताकर बचने की कोशिश
भीलवाड़ा में रिश्तों को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है, जहां जीजा ने 18 वर्षीय साली की गोली मारकर हत्या कर दी। ...और पढ़ें

जीजा ने गोली मारकर की साली की हत्या
HighLights
भीलवाड़ा में जीजा ने साली की गोली मारकर हत्या की।
युवती ने अश्लील हरकत और जबरदस्ती का विरोध किया था।
आरोपी ने हादसे का रूप देने की कोशिश की, गिरफ्तार।
जागरण संवाददाता, उदयपुर: भीलवाड़ा जिले में रिश्तों को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। यहां 18 वर्षीय युवती ने अपने जीजा की कथित जबरदस्ती का विरोध किया तो आरोपी ने दो नाली बंदूक से गोली मारकर उसकी हत्या कर दी।
वारदात के बाद आरोपी ने इसे गलती से फायर होने की कहानी बताकर बचने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस जांच में मामला हत्या का निकला।
अश्लील हरकत का विरोध करने पर हत्या
पुलिस के अनुसार, युवती अपनी बड़ी बहन और जीजा के साथ रहकर काम करती थी। 30 जुलाई की शाम आरोपी ने पहले युवती से अश्लील हरकत करने की कोशिश की। बड़ी बहन ने विरोध करते हुए अपने पिता को फोन पर घटना की जानकारी दी।
देर रात आरोपी शराब पीने के बाद फिर कमरे में पहुंचा और युवती के साथ जबरदस्ती का प्रयास किया। विरोध और शोर मचाने पर उसने घर में रखी दोनाली बंदूक से दो फायर कर दिए। एक गोली युवती की पीठ और दूसरी सीने में लगी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसा दिखाने की कोशिश की
फायरिंग की आवाज सुनकर बड़ी बहन मौके पर पहुंची तो बहन को खून से लथपथ पाया। आरोपी ने पत्नी और ससुर को बताया कि उससे गलती से गोली चल गई है, ताकि घटना को हादसा साबित किया जा सके। वारदात के बाद आरोपी पत्नी के साथ वहां से चला गया और युवती का शव करीब 24 घंटे तक कमरे में पड़ा रहा।
खबरें और भी
अगले दिन दिल्ली से गांव पहुंचे पिता ने घर में बेटी का शव देखकर पुलिस को सूचना दी। उनकी शिकायत पर पुलिस ने आरोपी जीजा, उसके भाई और भाभी के खिलाफ मामला दर्ज किया।
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
पुलिस ने 31 जुलाई को मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त दो नाली बंदूक बरामद कर ली है। युवती का पोस्टमार्टम कराया जा चुका है तथा मामले की जांच जारी है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपी के भाई और भाभी की घटना में क्या भूमिका रही।