Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    'गाड़ी तैयार रखना, मैं आ रहा हूं', अपनी सर्विस रिवॉल्वर से चली गोली से घायल थानेदार ने तोड़ा दम

    Updated: Thu, 06 Aug 2026 10:12 PM (IST)

    भीलवाड़ा सदर थाना प्रभारी लोकपाल सिंह का सर्विस रिवॉल्वर से गोली लगने के एक दिन बाद उदयपुर में निधन हो गया। वर्दी पहनते समय दुर्घटनावश गोली लगने से गं ...और पढ़ें

    भीलवाड़ा सदर थाना प्रभारी लोकपाल सिंह।

    भीलवाड़ा सदर थाना प्रभारी लोकपाल सिंह।

    HighLights

    1. भीलवाड़ा थाना प्रभारी लोकपाल सिंह का उदयपुर में निधन।

    2. वर्दी पहनते समय सर्विस रिवॉल्वर से दुर्घटनावश चली गोली।

    3. गंभीर हालत में ग्रीन कॉरिडोर से उदयपुर अस्पताल लाए गए।

    जागरण संवाददाता, उदयपुर। भीलवाड़ा सदर थाना प्रभारी (सीआई) लोकपाल सिंह (38) ने सर्विस रिवॉल्वर से गोली लगने के एक दिन बाद बुधवार तड़के उदयपुर के गीतांजलि अस्पताल में दम तोड़ दिया। मंगलवार शाम नाकाबंदी ड्यूटी पर निकलने से पहले घर पर वर्दी पहनते समय उनकी सर्विस रिवॉल्वर से अचानक फायर हो गया।

    गोली कनपटी में लगकर सिर के आर-पार निकल गई। गंभीर हालत में उन्हें पहले भीलवाड़ा के अस्पतालों में भर्ती कराया गया और बाद में 157 किलोमीटर का ग्रीन कॉरिडोर बनाकर महज 95 मिनट में उदयपुर पहुंचाया गया, लेकिन चिकित्सकों के प्रयास उन्हें नहीं बचा सके।

    पुलिस के अनुसार घटना से कुछ मिनट पहले लोकपाल सिंह ने अपने अधीनस्थ अधिकारी को फोन कर कहा था, गाड़ी तैयार रखना, मैं आ रहा हूं। इसी दौरान सर्विस वेपन संभालते समय हादसा हो गया। गोली चलने की आवाज सुनकर परिजनों ने पुलिस को सूचना दी।

    पूरे हाईवे पर पुलिस एस्कॉर्ट के साथ आईसीयू एंबुलेंस को तेजी से उदयपुर पहुंचाया गया, जहां उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया था। मामले की तकनीकी और फॉरेंसिक जांच जारी है।

    10 साल की सेवा, दो महीने पहले ही हुई थी दूसरी शादी

    लोकपाल सिंह अजमेर जिले के नादसी गांव के निवासी थे। वर्ष 2015 में उप निरीक्षक (एसआई) के रूप में पुलिस सेवा में आए और 2025 में पदोन्नत होकर सीआई बने। उन्होंने बिजौलिया और जहाजपुर सहित कई थानों में सेवाएं दीं तथा हाल ही में भीलवाड़ा सदर थाने का प्रभार संभाला था। उनकी पहली शादी का तलाक हो चुका था और करीब दो महीने पहले ही उन्होंने दूसरी शादी की थी। घटना से पुलिस महकमे में शोक की लहर है।

    खबरें और भी