यहां कीचड़ से जंग लड़कर स्कूल पहुंचते हैं बच्चे, हाथ में जूते लेकर तय करते हैं रास्ता
प्रतापगढ़ के सेलारपुरा गांव के पास एक बस्ती में सड़क न होने से ग्रामीण और स्कूली बच्चे बारिश में कीचड़ से जूझ रहे हैं। ...और पढ़ें

हाथ में जूते लेकर रास्ता पार करते हुए बच्चे

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, उदयपुर। प्रतापगढ़ जिले के सेलारपुरा गांव के पास स्थित एक बस्ती आज भी सड़क जैसी बुनियादी सुविधा से वंचित है। करीब 8 से 10 परिवारों की इस बस्ती के लोगों को बारिश के मौसम में घुटनों तक कीचड़ से होकर गुजरना पड़ता है।
सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों को झेलनी पड़ रही है, जो कपड़े और जूते बचाने के लिए हाथ में जूते लेकर स्कूल जाने को मजबूर हैं।
सेलारपुरा बस्ती में सड़क न होने से भारी परेशानी
ग्रामीणों ने बताया कि बस्ती में करीब 50 से 60 लोग निवास करते हैं। वर्षों से सड़क निर्माण की मांग ग्राम पंचायत और प्रशासन के समक्ष रखी जा रही है, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं हुआ। बारिश होते ही पूरा रास्ता कीचड़ में तब्दील हो जाता है, जिससे पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है।
बच्चों ने बताया कि स्कूल पहुंचने तक उनके कपड़े कीचड़ से गंदे हो जाते हैं। छात्र यशराज ने कहा कि कई बार गंदे कपड़ों के कारण शिक्षक उन्हें वापस घर भेज देते हैं। इससे पढ़ाई नियमित रूप से प्रभावित होती है और बच्चों का मनोबल भी टूटता है।
स्कूली बच्चों की पढ़ाई कीचड़ से हो रही प्रभावित
ग्रामीण नटवर सिंह, बलवंत सिंह, सुरेन्द्र सिंह, लक्ष्मण सिंह और जयपाल सिंह ने बताया कि पिछले वर्ष भी प्रशासन से सड़क निर्माण की मांग की गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
खबरें और भी
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और उपखंड अधिकारी से शीघ्र सड़क निर्माण कराने की मांग की है। उनका कहना है कि सड़क बनने से बच्चों की शिक्षा प्रभावित नहीं होगी, आवागमन सुगम होगा और ग्रामीणों को बारिश के दिनों में रोजाना की परेशानी से राहत मिलेगी।