उदयपुर में दोहरा हत्याकांड: घर में घुसकर मां-बेटी की निर्मम हत्या, गला रेतकर लूट ले गए जेवर-नकदी
उदयपुर के वल्लभनगर में अज्ञात बदमाशों ने घर में घुसकर मां-बेटी की बेरहमी से हत्या कर दी। प्रारंभिक जांच में यह मामला लूट के इरादे से की गई दोहरी हत्या ...और पढ़ें

उदयपुर में दोहरा हत्याकांड।
HighLights
उदयपुर के वल्लभनगर में मां-बेटी की निर्मम हत्या हुई।
लूट के इरादे से गला रेता, घर से जेवर-नकदी गायब।
ग्रामीणों ने गिरफ्तारी तक शव लेने से इनकार किया।
जागरण संवाददाता, उदयपुर। उदयपुर जिले के वल्लभनगर थाना क्षेत्र के मुंडोल गांव में शुक्रवार रात अज्ञात बदमाशों ने घर में घुसकर मां-बेटी की बेरहमी से हत्या कर दी। शनिवार सुबह जब दोनों के खून से सने शव घर के भीतर मिले तो पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
प्रारंभिक जांच में मामला लूट के इरादे से की गई दोहरी हत्या का माना जा रहा है। घर से सोने-चांदी के जेवर और नकदी गायब मिलने से इस आशंका को बल मिला है। घटना के विरोध में ग्रामीणों और परिजनों ने पुलिस से हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए शव लेने से इनकार कर दिया।
थानाधिकारी पूनाराम गुर्जर के अनुसार मुंडोल निवासी लूंगा (70) और उनकी पुत्री अमरीबाई गाडरी (47) के शव घर के अंदर पड़े मिले। दोनों के गले पर किसी भारी एवं धारदार हथियार से वार किए गए थे। सूचना मिलते ही पुलिस, एफएसएल टीम और डॉग स्क्वॉड मौके पर पहुंचा तथा साक्ष्य जुटाए गए। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी, संदिग्ध गतिविधियों और पारिवारिक व स्थानीय पहलुओं को भी खंगाल रही है।
ग्रामीणों के अनुसार, दोनों महिलाएं घर में अकेली रहती थीं और खेती कर अपना जीवन-यापन करती थीं। अमरीबाई के पति का करीब सात वर्ष पहले निधन हो चुका था, जबकि उनके कोई संतान नहीं थी। वह अपनी वृद्ध मां की देखभाल के लिए पीहर में ही रह रही थीं। रिश्तेदारों ने बताया कि दोनों के शरीर पर पहने सोने-चांदी के आभूषण तथा घर में रखी नकदी भी गायब है।
खबरें और भी
घटना के बाद वल्लभनगर अस्पताल की मोर्चरी के बाहर बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए। उन्होंने साफ कहा कि जब तक पुलिस हत्या का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार नहीं करती, तब तक शवों का अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा।
वल्लभनगर विधायक उदयलाल डांगी ने घटना को अत्यंत दुखद और गंभीर बताते हुए पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से शीघ्र एवं निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने की मांग की है।
घर में थीं सिर्फ दो महिलाएं, अकेलेपन का उठाया फायदा?
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि मां-बेटी घर में अकेली रहती थीं। ऐसे में आशंका है कि बदमाशों को पहले से इसकी जानकारी थी। वारदात के दौरान विरोध करने पर दोनों की गला रेतकर हत्या कर दी गई। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि वारदात में स्थानीय व्यक्ति शामिल था या बाहरी गिरोह।
ग्रामीणों का अल्टीमेटम: पहले गिरफ्तारी, फिर अंतिम संस्कार
दोहरे हत्याकांड से आक्रोशित ग्रामीणों ने मोर्चरी के बाहर प्रदर्शन करते हुए पुलिस को चेतावनी दी कि जब तक हत्यारों की गिरफ्तारी और घटना का खुलासा नहीं होगा, तब तक शवों का अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा। ग्रामीणों ने मामले की उच्चस्तरीय जांच और दोषियों को फास्ट ट्रैक कोर्ट से सजा दिलाने की मांग भी उठाई।