गणेश उत्सव 2026: बप्पा को घर लाए हैं? भूलकर भी न करें ये गलतियां, नोट कर लें वास्तु के सही नियम
गणेश उत्सव पर बप्पा की स्थापना करते समय वास्तु का ध्यान रखना बहुत जरूरी है। जानिए गणेश पूजा में वास्तु से जुड़े कौन-कौन से नियम निभाने चाहिए।

इन चीजों को पूजा से रखें दूर (AI-Generated Image)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
धर्म डेस्क, नई दिल्ली। आज हर जगह गणेश चतुर्थी की धूम मची है। हर कोई अपने घर में पूरे उत्साह के साथ गणपति उत्सव मना रहा है। घर-घर में मोदक बन रहे हैं और सजावट हो रही है। लेकिन, क्या आप जानते हैं कि बप्पा को घर लाने के बाद हमें वास्तु से जुड़ी कुछ खास बातों का ध्यान भी रखना चाहिए?
अक्सर हम अनजाने में छोटी-मोटी गलतियां कर बैठते हैं, जिससे पूजा स्थल की सकारात्मकता कम हो सकती है। आइए इस आर्टिकल में समझते हैं कि वास्तु शास्त्र के अनुसार, बप्पा के दरबार के पास कौन-सी चीजें बिल्कुल नहीं होनी चाहिए और हमें किन चीजों का ख्याल रखना चाहिए।
1. तुलसी के पत्तों का इस्तेमाल न करें
हम अक्सर भगवान की हर पूजा में तुलसी का इस्तेमाल करते हैं, लेकिन धार्मिक मान्यताओं के अनुसार बप्पा की पूजा में तुलसी अर्पित करना सबसे बड़ी भूल मानी जाती है। दरअसल, गणेश जी की पूजा में तुलसी वर्जित है। मूर्ति के पास या भोग में तुलसी न चढ़ाएं।
2. जूते-चप्पल और चमड़े का सामान
किसी भी घर का सबसे पवित्र स्थान मंदिर है। भूलकर भी पूजा स्थल के आस-पास चमड़े से बना पर्स, बेल्ट या कोई अन्य वस्तु न रखें। इसके साथ ही, जहां बप्पा विराजमान हों, वहां जूते-चप्पल पहनकर जाना या उन्हें आस-पास उतारना एक बड़ा वास्तु दोष माना जाता है।
3. मिट्टी के गणपति माने जाते हैं शुभ
वास्तु शास्त्र कहता है कि गणेश चतुर्थी के दिन पूजा से पहले गणेश जी की प्रतिमा का ध्यान जरूर रखें। ध्यान रहे कि गणपति की प्रतिमा मिट्टी से बनी हो। प्लास्टिक या किसी और चीज की मूर्तियां घर में स्थापित नहीं करनी चाहिए।
4. कबाड़, टूटा सामान और झाड़ू रखें दूर
कई बार हम घर की सफाई करते हुए झाड़ू या टूटा-फूटा सामान (कबाड़) मंदिर के आस-पास छोड़ देते हैं। वास्तु के अनुसार, इसे बहुत अशुभ माना गया है। टूटा हुआ सामान अव्यवस्था और दरिद्रता का प्रतीक माना जाता है। स्थापना की जगह को एकदम खुला, साफ और व्यवस्थित रखना चाहिए।
5. घर में नकारात्मक तस्वीरें न लगाएं
गणपति बप्पा के आस-पास का माहौल पूरी तरह से शांत और भक्तिमय होना चाहिए। इसलिए, दीवार पर कोई भी ऐसी तस्वीर या पेंटिंग न लगाएं जिसमें गुस्सा, नेगेटिविटी, लड़ाई-झगड़ा, डर या उदासी दिख रही हो। अच्छी और सकारात्मक ऊर्जा देने वाली तस्वीरें ही लगाएं।
इन 3 वास्तु नियमों का भी रखें ध्यान-
- मूर्ति की सूंड का ध्यान: घर में स्थापना के लिए हमेशा बाईं ओर मुड़ी हुई सूंड (वाममुखी) वाले गणपति ही सबसे शुभ मानी जाती है।
- अखंड दीपक की दिशा: गणेश जी के सामने दीपक हमेशा दक्षिण-पूर्व (आग्नेय कोण) में ही रखें।
- ताजे फूलों का इस्तेमाल: बप्पा को रोज ताजे लाल या पीले फूल अर्पित करें और बासी हो चुके फूलों को तुरंत हटा दें, क्योंकि बासी फूल नकारात्मकता लाते हैं।
यह भी पढ़ें- 14 सितंबर को एक साथ हैं हरतालिका तीज और गणेश चतुर्थी, जानिए कैसे करें दोनों व्रत और क्या है पारण का सही समय
यह भी पढ़ें- गणेश चतुर्थी 2026: हर बाधा होगी दूर, बप्पा के इन 5 चमत्कारी मंत्रों में छिपा है हर समस्या का हल
अस्वीकरण: इस लेख में बताए गए उपाय/लाभ/सलाह और कथन केवल सामान्य सूचना के लिए हैं। दैनिक जागरण यहां इस लेख फीचर में लिखी गई बातों का समर्थन नहीं करता है। इस लेख में निहित जानकारी विभिन्न माध्यमों/ज्योतिषियों/पंचांग/प्रवचनों/मान्यताओं/धर्मग्रंथों/दंतकथाओं से संग्रहित की गई हैं। पाठकों से अनुरोध है कि लेख को अंतिम सत्य अथवा दावा न मानें एवं अपने विवेक का उपयोग करें।
