Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    आगरा छावनी विधायक का रिपोर्ट कार्ड: विकास की तस्वीर दिखाती मेट्रो, ताज भी नहीं खिला सका विकास का फूल

    By Nirlosh Kumar Edited By: Prateek Gupta
    Updated: Wed, 22 Jul 2026 01:38 PM (IST)

    आगरा छावनी विधानसभा क्षेत्र में मेट्रो और ताजमहल के बावजूद विकास की कमी है, जहाँ सड़कें खराब, जलभराव और जाम जैसी समस्याएँ आम हैं। विधायक डॉ. जीएस धर्म ...और पढ़ें

    आगरा छावनी से विधायक जीएस धर्मेश।

    आगरा छावनी से विधायक जीएस धर्मेश।

    HighLights

    1. नगला पैमा को ताजमहल सुरक्षा से रास्ता नहीं मिला।

    2. सड़कें खराब, जलभराव और अवैध मंडी से जाम।

    निर्लोष कुमार, आगरा। छावनी विधान सभा क्षेत्र। विश्व धरोहर ताजमहल और आगरा किला से इस क्षेत्र की दुनियाभर में पहचान है। शहर में विकास की तस्वीर दिखाती मेट्रो इसी क्षेत्र में सबसे पहले यहीं दौड़ी, मगर ताज भी यहां विकास का फूल नहीं खिला सका है। ताजमहल की सुरक्षा पाबंदियों में ढाई दशक से जकड़े नगला पैमा के लोगों को सरकार आज तक रास्ता उपलब्ध नहीं करा सकी है।

    छावनी क्षेत्र में सड़कों में गड्ढे हैं या गड्ढों में सड़क है, यह बता पाना बहुत मुश्किल है। देवरी रोड पर वर्षा होते ही जलभराव हो जाता है। उखर्रा में सड़कें और गलियां टूटी पड़ी हैं। अर्जुन नगर के लोगों को रोजाना जाम से जूझना पड़ता है। ताजनगरी फेज-टू में एक वर्ष से अधिक समय से चल रहा सीएम ग्रिड का काम लोगों की दुविधाएं बढ़ाने वाला बना हुआ है

    बसई में सजने वाली अवैध मंडी की समस्या का निदान नहीं हो पा रहा है। क्षेत्रीय विधायक बड़े काम कराने का दावा करते हैं। प्रदेश में भाजपा सरकार का दूसरा कार्यकाल पूरा होने को है और चुनावी सरगर्मी तेज हो चुकी है। दैनिक जागरण ने क्षेत्र की पड़ताल की तो कुछ ऐसी ही तस्वीर नजर आई। प्रस्तुत है आगरा छावनी विधानसभा क्षेत्र से विधायक डा. जीएस धर्मेश का रिपोर्ट कार्ड। 

    फतेहाबाद रोड पर विकास की तस्वीर मेट्रो दिखाती है, लेकिन इसकी वजह से यहां आगरा स्मार्ट सिटी में हुआ काम कई जगहों पर खराब हो चुका है। सड़क में जगह-जगह गड्ढे हो रहे हैं। ताजनगरी फेज-टू में रहने वाले पुष्पेंद्र शर्मा बताते हैं कि ताजनगरी फेज-टू को जाने वाले बसई मोड़ पर सजने वाली अवैध सब्जी मंडी ने जाम को स्थायी समस्या बना दिया है। दो लाख लोग इससे परेशान हैं।

    खबरें और भी

    सीएम ग्रिड में बन रही रोड आज तक कंप्लीट नहीं हो सकी है। उखर्रा नहर के पास रोड और गलियां टूटी हैं। नहर के पास निकलने का कोई रास्ता नहीं है। रोड पर कीचड़ हो रही है। आएदिन वाहनचालक यहां कीचड़ की वजह से फिसल जाते है। गलियों में खड़ंजा तक नहीं है। सुल्तानपुरा, कृष्णानगर आदि क्षेत्रों में भी हाल खराब है। यहां पिछले 10 वर्षों में कोई काम नहीं हुआ है

    ताजमहल के साये में आबाद नगला पैमा का हाल तो और खराब है। वर्ष 2000 से ताजमहल पर लागू की गई सुरक्षा पाबंदियों की सजा यह क्षेत्र भुगत रहा है। दुकान संचालक चिरंजीलाल बताते हैं कि ताजमहल के पूर्वी गेट होकर वाहनों को आने-जाने से पुलिस रोक देती है। नौ-10 किमी का चक्कर लगाकर धांधूपुरा होकर जाना होता है। रिश्तेदार तक नहीं आ पाते हैं।

    आरसीसी रोड बनवाकर कराई समस्या दूर

    चुनाव के समय जनता से विकास का वादा किया था। देवरी रोड को आरसीसी से बनवाया है। 12 करोड़ रुपये से मधु नगर चौराहा से सेमरी का ताल तक का आरसीसी रोड बनवाया। रुई की मंडी, बारहखंभा, नगला छउआ रेलवे फाट पर 115 करोड़ रुपये की लागत से रेल ओवरब्रिज स्वीकृत करवाए। काम पूरा होने के बाद क्षेत्र के लोगों को जाम से निजात मिलेगी

    शिल्पग्राम में यूनिटी माल का 128 करोड़ रुपये का प्रस्ताव उनके अनुरोध पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्वीकृत किया था। नगला पैमा के लिए वैकल्पिक रास्ता बनवाने को प्रयास किए जा रहे हैं। ताज पूर्वी गेट नाले के ऊपर स्लैब डालकर रास्ता बनाने का प्रस्ताव दिया था। सुरक्षा की दृष्टि से इसे उपयुक्त नहीं पाया गया। अब नाले के किनारे वैकल्पिक रास्ता बनवाने का प्रयास पथकर निधि से करवाया जाएगा।

    क्षेत्र में मेट्रो व अन्य योजनाओं के काम की वजह से सड़कें खराब हुई हैं। छावनी क्षेत्र की सड़कों का निर्माण छावनी परिषद को कराना है, वहां हम कुछ नहीं करा सकते हैं।
    -डा. जीएस धर्मेश, विधायक

    10 साल में नहीं हुआ विकास

    छावनी विधानसभा क्षेत्र में पिछले 10 वर्षाें में कोई विकास नहीं हुआ है। सेवला, नगला भरती में जलभराव की समस्या आज तक बरकरार है। सड़कें और गलियां टूटी पड़ी हैं। वंचित समाज के क्षेत्र में गलियों और सड़कों पर कोई ध्यान नहीं है। नगर निगम के विद्यालयों में सफाई नहीं, चहारदीवारी टूटी हैं। कोई देखने वाला नहीं है। नरीपुरा में गलियां कच्ची हैं। गलियां ऊंची-नीची होने से पानी की निकासी नहीं है

    देवरी रोड पर नाले की जलनिकासी की उचित व्यवस्था नहीं है। नगर निगम के सफाई कर्मचारी क्षेत्र में नहीं आते हैं। विधायक इसी तरह काम करते रहेंगे, तभी दूसरे को मौका मिलेगा। जनप्रतिनिधि को मौका मिला है तो उन्हें जनता की सेवा करनी चाहिए।
    -कुंवरचंद वकील, (वर्ष 2022 के चुनाव में आगरा छावनी विधानसभा सीट से सपा के रनर-अप)