Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    डांस में मस्त थे बराती, तभी टूट पड़ा हाईटेंशन लाइन का तार; बैंड की ठेल पर में दौड़ा करंट...आधा दर्जन से अधिक लोग झुलसे

    By Munna Lal Sharma Edited By: Prateek Gupta
    Updated: Tue, 23 Jun 2026 09:09 PM (IST)

    फतेहाबाद के ठार पारौली गांव में बारात चढ़ाई के दौरान 11 हजार वोल्ट का हाईटेंशन तार टूटकर बैंड की ठेल पर गिरा, जिससे करंट फैल गया। इस हादसे में आधा दर् ...और पढ़ें

    सांकेतिक तस्वीर।

    सांकेतिक तस्वीर।

    HighLights

    1. बारात चढ़ाई के दौरान हाईटेंशन तार टूटकर गिरा।

    2. बैंड की ठेल पर करंट दौड़ने से कई झुलसे।

    संवाद सूत्र, फतेहाबाद (आगरा)। डौकी क्षेत्र के गांव ठार पारौली में सोमवार रात बारात चढ़ाई के दौरान बड़ा हादसा हो गया। 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन का तार अचानक टूटकर बैंड की ठेल पर गिर गया, जिससे पूरे उपकरण में करंट दौड़ गया। हादसे में आधा दर्जन से अधिक लोग झुलस गए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

    थाना फतेहाबाद क्षेत्र के गांव बमरौली निवासी हीरालाल पुत्र सत्यवीर की बारात सोमवार रात डौकी क्षेत्र के गांव ठार पारौली में गई थी। रात करीब साढ़े नौ बजे बारात चढ़ाई की रस्म चल रही थी। मिलाप बैंड फतेहाबाद की धुन पर बाराती नाचते-गाते आगे बढ़ रहे थे। इसी दौरान सड़क के ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन का तार अचानक टूटकर बैंड की ठेल पर गिर गया

    तार गिरते ही जोरदार धमाका हुआ और पूरे उपकरण में करंट दौड़ गया, जिसकी चपेट में आसपास मौजूद कई बाराती आ गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और बारातियों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया तथा उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया।

    हादसे में मदन शेखर पुत्र अमीर निवासी फतेहाबाद, तरुण पुत्र नंदलाल निवासी अंबेडकर नगर फतेहाबाद, राजकुमार निवासी फतेहाबाद, कन्हैया पुत्र थान सिंह निवासी बगदा तथा तरुण निवासी कोटली की बगीची, आगरा सहित आधा दर्जन से अधिक लोग झुलस गए। कुछ लोगों को मामूली झुलसन आई है, जबकि कई घायलों का अस्पताल में उपचार चल रहा है।

    घटना की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण अस्पताल पहुंच गए। मिलाप बैंड के संचालक गुलाब खान ने थाना डौकी में घटना की सूचना दी है। हादसे के बाद ग्रामीणों में विद्युत विभाग के प्रति नाराजगी है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में कई स्थानों पर बिजली की लाइनें जर्जर हालत में हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है

    फिलहाल सभी घायलों की हालत चिकित्सकों की निगरानी में है। घटना के बाद विवाह समारोह की खुशियां भी फीकी पड़ गईं। थानाध्यक्ष डौकी सुनीत शर्मा ने बताया कि गांव ठार पारौली में सोमवार की रात बिजली के तार टूटने की सूचना पर पहुचे थे। चार लोग झुलसने की सूचना थी। सभी अस्पताल से चले गए थे।