Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    बेेटे की आनी थी बरात, पिता ने दुल्हन के दरवाजे पर बैठाया पुलिस का पहरा; आगरा में सामने आया अजब मामला

    By Ali Abbas Edited By: Prateek Gupta
    Updated: Wed, 25 Mar 2026 11:53 PM (IST)

    आगरा के फतेहपुर सीकरी में एक पिता ने अपने नाबालिग बेटे की शादी रुकवाने के लिए चाइल्डलाइन में शिकायत की। पत्नी शादी पर अड़ी थी, जिसके बाद पिता ने यह कद ...और पढ़ें

    दुल्हन के घर पहुंची पुलिस।

    दुल्हन के घर पहुंची पुलिस।

    जागरण संवाददाता, आगरा। नाबालिग बेटे की बरात लाने की जिद पर अडी पत्नी से नाराज पति ने चाइल्ड लाइन में शिकायत कर दी। बेटे की बरात आने से पहले बुधवार रात को दुल्हन के दरवाजे पर पुलिस का पहरा बैठा दिया। पुलिस को देख दावत खा रहे घराती वहां से खिसक लिए।

    दुल्हन के माता-पिता को लिखित में आश्वासन देना पड़ा कि वह बेटी का निकाह नहीं करेंगे। देर रात तक बरात नहीं आयी, लेकिन पुलिस वहां मौजूद रही। मामला फतेहपुर सीकरी थाना क्षेत्र का है। यहां एक गांव में बुधवार रात को ग्वालियर से बरात आनी थी। दूल्हे का पिता भी उसी गांव का रहने वाला है।

    दंपती में झगड़ा होने पर कुछ समय पहले पत्नी बेटे को लेकर अपने मायके ग्वालियर चली गयी। उसने फतेहपुर सीकरी में ही बेटे का रिश्ता तय कर दिया। इसकी जानकारी लड़के के पिता को हुई, उसने नाबालिग बेटे के निकाह का विरोध किया। पत्नी और लड़की वालों से बात करके निकाह को गैर कानूनी बताते हुए रोकने को कहा।

    वह निकाह रोकने को तैयार नहीं हुए। लड़की वालाें का कहना था कि उनकी बेटी बालिग है। इसलिए वह निकाह नहीं रोक सकते। इधर, दूल्हे की मां बुधवार रात बरात लेकर आने पर अड़ी थी। उसका कहना था कि निकाह बुधवार को ही तय समय पर होगा।

    खबरें और भी

    जिस पर पिता ने जिला प्रोबेशन अधिकारी (डीपीओ) अतुल सोनी एवं चाइल्ड हेल्पलाइन में शिकायत कर दी। डीपीओ के निर्देश पर बुधवार की रात चाइल्ड लाइन और फतेहपुर सीकरी थाने की पुलिस दुल्हन घर पहुंच गयी। तब तक बरात नहीं आयी थी, घरातियों की दावत चल रही थी। दुल्हन और उसके स्वजन बरात आने की प्रतीक्षा कर रहे थे।

    पुलिस ने लड़की वालों को समझाया कि नाबालिग से निकाह करना कानूनन अपराध है। लड़की उसके स्वजन पर मुकदमा दर्ज हो सकता है। जिसके बाद दुल्हन के माता-पिता ने पुलिस को लिखित में आश्वासन दिया कि वह निकाह नहीं करेंगे। हालांकि आश्वासन के बाद भी एहतियातन दुल्हन के घर पर पुलिस तैनात कर दी है।

    जिससे कि बरात आने पर दूल्हे की मां को भी समझाया जा सके। चाइल्ड लाइन कोआर्डिनेटर ब्रजेश कुमार गौतम ने बताया कि दुल्हन बालिग है, उसके माता-पिता ने निकाह नहीं करने की बात पुलिस को लिखित में दी है।