आगरा: बाथरूम के जिस फर्श को पक्का किया, उसमें दफन था शख्स; हकीकत जानकर राजमिस्त्री के उड़े होश
राजमिस्त्री रवि कुमार ने अनजाने में एक बाथरूम के फर्श को प्लास्टर किया, जिसके नीचे मकान मालकिन रूबी के पति का शव दफन था। पुलिस से सच्चाई जानने के बाद ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर।
HighLights
राजमिस्त्री ने अनजाने में हत्या के राज को दफनाया
पुलिस से सच्चाई जानकर रवि कुमार के पैरों तले जमीन खिसकी
दहशत में रात भर सो नहीं सका राजमिस्त्री और उसकी पत्नी
जागरण संवाददाता, आगरा। राजमिस्त्री रवि कुमार और बेलदार दिनेश जिस बाथरूम के फर्श को मामूली मरम्मत समझकर पक्का करके आए थे। उसे क्या पता था कि 500 रुपये के ओवरटाइम में वह अनजाने में एक खौफनाक हत्या के राज काे दफन कर रहा है।
पुलिस द्वारा थाने बुलाकर पूछताछ में जब राजमिस्त्री रवि को पता चला कि फर्श के नीचे मकान मालकिन के पति की लाश दफन थी, तो उसके पैरों तले जमीन खिसक गई।
पुलिस की पूछताछ के बाद शुक्रवार रात एक बजे घर लौटने के बाद पत्नी को इसकी जानकारी दी, दहशत के चलते दंपती रात भर सो नहीं सके। मुझे अंदाजा भी नहीं था कि मैं किसी की कब्र पर प्लास्टर कर रहा हूं,यह बताते हुए राजमिस्त्री और उसकी पत्नी के चेहरे पर दहशत के भाव फैल जाते हैं।
ओवरटाइम समझकर शाम को 500 रुपये में पक्का करके आया था फर्श
दहतोरा निवासी राजमिस्त्री रवि कुमार और उसके साथ काम करने वाले बेलदार दिनेश को शुक्रवार रात 12 बजे पुलिस ने पूछताछ के लिए थाने बुलाया। रवि ने पुलिस को बताया कि वह उसी गली की एक परिचित महिला के माध्यम से रूबी के घर काम करने गया था।

रूबी ने दोपहर के समय उससे बाथरूम का फर्श पक्का करने को कहा था, लेकिन समय न होने के कारण उसने मना कर दिया। शाम को साढ़े छह बजे वह अपनी साइट का काम खत्म करने के बाद बेलदार दिनेश को लेकर रूबी के घर पहुंचा।
खबरें और भी
मकान मालिक की लाश दफन होने की जानकारी पुलिस से मिलने पर दहशत में पूरी रात जागा
रूबी ने बाथरूम में करीब दो फीट ऊंची मिट्टी का लेबल बनाया था। मौरंग और सीमेंट वह दोपहर में ही ले आयी थी। रूबी ने उसे बताया कि मिट्टी को डालने के बाद कूटकर बराबर कर दिया है। उसे अधिक कुछ नहीं करना है, सिर्फ फर्श को पक्का करना है।
यह भी पढ़ें- आगरा में कातिल पत्नी का कबूलनामा: बोली- छोड़ देती तो जेल से भी बदतर होती जिंदगी, 16 साल से सह रही थी पति की पिटाई
महज पौन घंटे में बाथरूम के फर्श को पक्का किया
राजमिस्त्री ने फर्श को लेबल करने के लिए तीन चार बाल्टी मिट्टी और डाली। महज पौन घंटे में बाथरूम के फर्श को पक्का किया और अपनी मजदूरी लेकर घर लौट आया। रवि के मुताबिक, काम के दौरान रूबी के हाव-भाव बिल्कुल सामान्य थे। उसके चेहरे और बातचीत से ऐसा कुछ प्रतीत नहीं हुआ कि गड़बड़ है।
राजमिस्त्री को पानी पिलाया और 500 रुपये मजदूरी देकर भेज दिया। इस सनसनीखेज पर्दाफाश के बाद से राजमिस्त्री रवि और उसका पूरा परिवार दहशत में है। डर के मारे दंपती पूरी रात जागते रहे।
राजमिस्त्री से फर्श की कहानी जानने घर पर जुटे रहे बस्ती वाले
दहतोरा नई आबादी निवासी रवि कुमार द्वारा अनजाने में बाथरूम के फर्श के नीचे छिपाई गई लाश को प्लास्टर करने की जानकारी के बाद बस्ती वालों और मीडिया का दिन भर उसके घर के बाहर तांता लगा रहा। सभी लोग उससे पति का शव बाथरूम में दफन करने वाली रूबी के बारे में जानना चाहते थे। फर्श पक्का करने की कहानी बताते-बताते राजमिस्त्री कई बार दहशत से भर उठता, उसकी आवाज कांप जाती।
यह भी पढ़ें- आगरा में पति को मारकर बाथरूम में गाड़ा: बैंक स्टेटमेंट और भाई की 'जासूसी' काम आई, 45 दिन बाद पकड़ी कातिल पत्नी रूबी
बेलदार को नहीं डालने दी थी मिट्टी
राजमिस्त्री रवि कुमार ने बताया कि रूबी की गली में रहने वाली महिला उसके मित्र की बहन है। इस नाते वह भी महिला को अपनी बहन मानता है। उसने मित्र की बहन का घर बनाया था। रूबी ने मित्र की बहन से राजमिस्त्री के लिए कहा था। उसने रूबी से कहा कि वह बेलदार लेकर आएगा, वह मिट्टी डाल देगा। जिस पर रूबी ने मना कर दिया, कहा कि यह काम वह खुद कर लेगी।