Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    आगरा में जल जीवन मिशन में लापरवाही, हैदराबाद की मेघा इंजीनियरिंग पर लगा 25 करोड़ का जुर्माना

    By Amit Dixit Edited By: Prateek Gupta
    Updated: Tue, 04 Aug 2026 08:19 PM (GMT+05:30)

    आगरा में जल जीवन मिशन के तहत पाइपलाइन बिछाने में लापरवाही बरतने पर मेघा इंजीनियरिंग एंड इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड पर 25 करोड़ रुपये का भारी जुर्माना लगा ...और पढ़ें

    सांकेतिक तस्वीर का प्रयोग किया गया है।

    सांकेतिक तस्वीर का प्रयोग किया गया है।

    जागरण संवाददाता, आगरा। एत्मादपुर हो या फिर खेरागढ़ का कोई गांव। शहर के अधिकांश गांवों में जल जीवन मिशन में बिछाई जा रही पाइप लाइन में लापरवाही बरती जा रही है। लाइन बिछाने के बाद ठीक तरीके से रोड या फिर गली की मरम्मत नहीं की जाती है। शिकायतों को भी नजरअंदाज किया जाता है।

    ठीक तरह से कार्य न करने पर जल निगम ने मेघा इंजीनियरिंग एंड इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड पर 25 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया गया है। हैदराबाद की कंपनी को 900 करोड़ रुपये का ठेका मिला हुआ है। 809 गांवों में 9535 किमी लंबी पाइप लाइन बिछाई जा रही है।

    ढाई साल पूर्व जिले में जल जीवन मिशन योजना शुरू हुई थी। हर घर नल योजना के तहत 18 माह पूर्व मेघा इंजीनियरिंग एंड इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड और एनसीसी कंपनी को ठेका मिला था। एत्मादपुर, किरावली, खेरागढ़, फतेहाबाद तहसील में 9535 किमी लंबी पाइप लाइन बिछाई जाएगी। अभी तक 5920 किमी (62.09 प्रतिशत) लाइन बिछी है

    इसी तरह से 3.98 लाख घरों में कनेक्शन होने हैं जिसके सापेक्ष अभी तक 1.33 लाख (33.42 प्रतिशत) कनेक्शन हुए हैं। पाइप लाइन डालने में 1340 किमी लंबी सड़कों की खोदाई की गई है। खोदाई के बाद सड़कों की ठीक तरीके से मरम्मत नहीं की गई। इसके चलते 768 शिकायतें हुईं। जिसके बाद शिकायतों की जांच हुई। 85 प्रतिशत शिकायतें सही मिलीं।

    खबरें और भी

    जल निगम के अधिकारियों ने प्रत्येक शिकायत की जांच की। जिसके चलते जल निगम ने मेघा इंजीनियरिंग पर 25 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया है। यह अब तक का सबसे बड़ा जुर्माना है।

    यूं होगी जुर्माना राशि की वसूली

    जल निगम के अधिशासी अभियंता अविनाश कुमार ने बताया कि मेघा इंजीनियरिंग को जो भी भुगतान होगा। उससे जुर्माना की राशि की कटौती की जाएगी। इसकी रिपोर्ट शासन डीएम और मंडलायुक्त को भेज दी गई है। जल जीवन मिशन योजना मार्च 2028 तक पूरी होगी।

    - मेघा इंजीनियरिंग एंड इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड पर जल निगम ने 25 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया है। जुर्माना की राशि जल्द वसूल की जाएगी।

    -

    जुबेर बेग, एडीएम नमामि गंगे