बंद कोल्ड स्टोरेज को ढहाते में भड़की आग, मची अफरातफरी, आगरा कानपुर हाईवे पर कई किमी तक धुएं का गुबार
एत्मादपुर, आगरा में एक बंद कोल्ड स्टोरेज को ढहाते समय गैस कटर की चिंगारी से थर्माकोल में आग लग गई। पुलिस और फायर ब्रिगेड ने एक घंटे में आग पर काबू पाय ...और पढ़ें

एत्मादपुर में कोल्ड स्टोरेज में लगी आग के बाद उठता धुएं का गुबार।
HighLights
गैस कटर की चिंगारी से थर्माकोल में लगी आग
एक घंटे में आग पर काबू, कोई नुकसान नहीं
संवाद सूत्र, एत्मादपुर (आगरा)। आगरा कानपुर हाईवे किनारे जर्जर कोल्डस्टोरेज का ध्वस्तीकरण का काम करते समय गैस कटर से निकली चिंगारी से अचानक थर्मोकॉल में आग लग गई। आग लगने से जान-माल का कोई नुकसान नहीं हुआ है।
पुलिस व फायर ब्रिगेड ने एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हाईवे किनारे बुढ़िया का ताल के पास शुक्रवार को मधुर कोल्ड स्टोरेज को ढहाने के लिए लोहे के पिलर काटते समय हाइड्रोजन गैस कटर का प्रयोग किया जा रहा था।
कटर से निकलने वाली चिंगारी से अचानक कोल्डस्टोरेज की दीवारों में लगे थर्माकोल ने आग पकड़ ली। अचानक लगी आग से वहां कार्य कर रहे मजदूरों में अफरातफरी मच गई। देखते ही देखते थर्माकोल में लगी आग की ऊंची उठतीं लपटों के साथ चारों ओर धुंआ फैल गया।
मजदूरों ने आग बुझाने की कोशिश की लेकिन सफलता नहीं मिली। सूचना पर पहुची पुलिस व फायर ब्रिगेड कर्मचारियों ने एक घंटे की कड़ी मशक्कत से आग पर काबू पाया। इस दौरान मौके पर बड़ी संख्या में भीड़ जुट गई।
इंस्पेक्टर आलोक सिंह ने बताया कि मजदूरों की नासमझी के कारण गैस कटर की चिंगारी से थर्माकोल में आग लग गई थी, किसी के कोई चोट या नुकसान नहीं हुआ है।