आगरा-फिरोजाबाद हाईवे पर मिलेगी राहत, एत्मादपुर से टूंडला तक बनेगा नया बाइपास; 7 गांवों में लगेगी जमीन खरीद-फरोख्त पर रोक
राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने आगरा के एत्मादपुर-टूंडला बाइपास के लिए प्रभावित 7 गांवों में भूमि की खरीद-फरोख्त और नए निर्माण पर रोक लगाने की ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर का प्रयोग किया गया है।
HighLights
NHAI ने एत्मादपुर-टूंडला बाइपास के लिए रोक मांगी।
भूमि अधिग्रहण से पहले अनुचित लाभ रोकने का उद्देश्य।
पवन पाठक, एत्मादपुर (आगरा)। राष्ट्रीय राजमार्ग- 19 पर प्रस्तावित एत्मादपुर-टूंडला बाइपास को लेकर राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने जिला प्रशासन से बाइपास से प्रभावित होने वाले गांवों में भूमि की खरीद-फरोख्त, नए निर्माण कार्य तथा भूमि की प्रकृति में बदलाव पर रोक लगाने की मांग की है। जिससे तहसील क्षेत्र के 7 गांवों के किसानों और भूमि स्वामियों में हलचल तेज हो गई है।
NHAI द्वारा राष्ट्रीय राजमार्ग 19 के छह लेन आगरा-इटावा खंड पर एत्मादपुर ब्लैक स्पाॅट सुधार हेतु बाइपास निर्माण कराया जाना प्रस्तावित है। जिसको लेकर राष्ट्रीय राजमार्ग के परियोजना निदेशक संदीप यादव द्वारा जिलाधिकारी आगरा को पत्र भेजकर अवगत कराया है।
उन्होंने लिखा है कि प्रस्तावित भूमि अधिग्रहण की जानकारी मिलने के बाद कुछ लोग अनुचित लाभ लेने के उद्देश्य से जमीनों की खरीद-फरोख्त, निर्माण कार्य अथवा भूमि की प्रकृति में बदलाव कर सकते हैं। पत्र के माध्यम से परियोजना निदेशक ने कहा कि आगरा जनपद की एत्मादपुर तहसील में एत्मादपुर टूण्डला बाइपास का निर्माण कार्य किया जाना प्रस्तावित है।
उक्त प्रस्तावित बाइपास हेतु तहसील एत्मादपुर के प्रभावित ग्राम नवलपुर, धरैरा, सुरहरा एत्माली, सुरहरा मुस्तकिल, रहनखुर्द, धौर्रा एवं रहनकलां से भूमि का अर्जन किया जाना है। जिसके कारण स्थानीय निवासियों तथा अन्य के द्वारा अनुचित लाभ प्राप्त किये जाने के लिए प्रभावित भूमि की क्रय-विक्रय, भूमि पर निर्माण, भूमि की प्रकृति व प्रकार में बदलाव किये जाने के प्रयास किये जा सकते हैं।
खबरें और भी
प्रस्तावित बाइपास के निर्माण को दृष्टिगत रखते हुए तहसील एत्मादपुर में भू-अर्जन से प्रभावित ग्रामों में प्रभावित भूमि की क्रय-विक्रय,भूमि पर निर्माण एवं भूमि की प्रकृति एव प्रकार में बदलाव न किये जाने हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करने को कहा है। एसडीएम सुमित सिंह ने बताया कि अभी कोई पत्र नहीं आया है, जिलाधिकारी के आदेशानुसार कार्यवाही की जाएगी।