आगरा में लोक अदालत, गाड़ियों के चालान निपटाने के लिए इस बार की गई है नई व्यवस्था; वादकारियों को रहेगी आसानी
आगरा में शनिवार को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जा रहा है। इसमें 6.50 लाख मुकदमों के निस्तारण का लक्ष्य है। वाहन चालानों के लिए विशेष व्यवस्था की ...और पढ़ें

लोक अदालत के संबंध में बैठक करतीं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव विनीता सिंह।
HighLights
शनिवार को आगरा में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन।
6.50 लाख से अधिक मुकदमों का होगा निस्तारण।
जागरण संवाददाता, आगरा। राष्ट्रीय लोक अदालत का शनिवार काे आयोजन किया जा रहा है। जिसमें आपसी सुलह-समझौते के आधार पर 6.50 लाख मुकदमों को निस्तारण के लिए चिन्हित किया गया है। वाहनों के चालानाें के निस्तारण को लेकर इस बार विशेष व्यवस्था की गई है।
जिसके तहत वर्ष 2022 से 2025 के दौरान हुए चालानों के निस्तारण के लिए वर्षवार अलग-अलग कोर्ट बनायी गयी हैं। जिससे कि वाहन चालक भटकने की जगह सीधे संबंधित कोर्ट में जाकर चालान को निस्तारित करा सकेगा। लोक अदालत का उद्घाटन जिला जज संजय कुमार मलिक द्वारा शनिवार सुबह 10:30 बजे किया जाएगा।
जिला जज एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशन में शुक्रवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव विनीता सिंह ने न्यायिक अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने बताया कि जिले की सभी बैंक व फाइनेंस कंपनी, विद्युत विभाग, मोबाइल कंपनी के साथ ही चिकित्सा हेल्प डेस्क लगाई जाएगी। जिन व्यक्तियों के वाहनों के चालान लंबित है, वह संबंधित कोर्ट में जाकर निस्तारित करा सकेंगे।
वर्ष 2022 के चालानों के लिए विशेष न्यायिक मजिस्ट्रेट-प्रथम, वर्ष 2023 के लिए विशेष न्यायिक मजिस्ट्रेट-द्वितीय, वर्ष 2024 के लिए अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, न्यायालय संख्या-12 और वर्ष 2025 के लिए अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, न्यायालय संख्या-13 में चालानों का निस्तारण किया जाएगा।
खबरें और भी
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव विनीता सिंह ने बताया कि अब तक समस्त न्यायालयों एवं प्रशासन के द्वारा लगभग 6.50 लाख से अधिक वादों को निस्तारण के लिए चिन्हित किया गया है।