'पत्नी को मेरे शव के पास मत बैठने देना'... आगरा में सुसाइड से पहले युवक ने बनाया वीडियो, बयां किया दर्द
आगरा में पत्नी से चल रहे विवाद से परेशान एक युवक ने घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मरने से पहले उसने एक वीडियो भी बनाया। ...और पढ़ें
HighLights
आगरा में पत्नी से विवाद के बाद युवक ने की आत्महत्या।
मरने से पहले 2.38 मिनट का वीडियो बनाया, बताई आखिरी इच्छा।
वीडियो में पत्नी को शव के पास न बैठने देने की बात कही।
जागरण संवाददाता, आगरा। पत्नी से चल रहे विवाद से परेशान पति ने मंगलवार दोपहर घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मरने से पहले युवक ने रोते हुए 2.38 मिनट का वीडियो बनाया। वीडियो में कहा कि वह जीना चाहता था, मौत के बाद पत्नी को परेशान न किया जाए।
पत्नी को उनके शव के पास न बैठने दिया जाए। युवक ने फरवरी में प्रेम विवाह किया था। 21 वर्षीय सोनू कुमार ने पत्नी से विवाद के चलते घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस को युवक के मोबाइल में वीडियो मिला।
वीडियो में युवक रोते हुए आत्महत्या की बात कह रहा है। पुलिस ने मोबाइल फोन को कब्जे में लेने के साथ ही मौके से साक्ष्य जुटाए। स्वजन ने बताया कि युवक पांच भाई-बहन में दूसरे नंबर का था। छोटे भाई की पहले ही मृत्यु हो चुकी है। थाना प्रभारी रकाबगंज ने बताया कि युवक ने फरवरी में प्रेम विवाह किया था।
दंपती के बीच पिछले कुछ समय से विवाद चल रहा था। इसी के चलते युवक ने आत्महत्या की है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
मरने से पहले स्वजन से मांगी माफी
वीडियो में युवक कह रहा है कि पत्नी को किसी तरह की दिक्कत न हो, उससे कोई कुछ नहीं कहेगा। वह जीवन में खुश रहे। मरने के बाद उसे उसके घर भेज देना। वह मेरे शव के पास न बैठे। उसकी मर्जी थी आजाद होने की। मैं मरकर उसे आजाद कर रहा हूं। मैं जीना चाहता हूं, लेकिन मेरे से नहीं हो रहा है। वीडियो के आखिर में युवक माता-पिता सहित स्वजन से माफी मांगता है।