आगरा मेट्रो को लेकर बड़ा अपडेट, इस तारीख से मॉल रोड पर दौड़ेगी Metro
आगरा में अक्टूबर के पहले सप्ताह से माल रोड पर मेट्रो का संचालन शुरू होगा, जो डेढ़ माह तक डिपो लाइन का परीक्षण करेगा।

प्रतीकात्मक तस्वीर
HighLights
अक्टूबर के पहले सप्ताह से माल रोड पर मेट्रो का संचालन।
डिपो लाइन का परीक्षण डेढ़ माह तक चलेगा।
पहले कॉरिडोर के पांच स्टेशनों की अनुमति लंबित।
जागरण संवाददाता, आगरा। उप्र मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (यूपीएमआरसी) की टीम अक्टूबर के पहले सप्ताह से माल रोड पर मेट्रो दौड़ने जा रही है। यह डिपो की लाइन मेट्रो के दूसरे कॉरिडोर से जुड़ी है। दो किमी लंबी लाइन का कार्य पूरा हो गया है।
विभिन्न तकनीकी परीक्षण भी हो चुके हैं। यह लाइन चालू होने से मेट्रो के आवागमन में आसानी रहेगी। उधर, मेट्रो के पहले कॉरिडोर के पांच स्टेशनों की अनुमति अभी तक नहीं मिली है। मेट्रो रेल संरक्षा आयुक्त से जैसे ही अनुमति मिलती है। प्रधानमंत्री कार्यालय से लोकार्पण की तिथि मांगी जाएगी। इसके बाद मेट्रो का संचालन शुरू होगा।
शहर में मेट्रो के दो कॉरिडोर हैं। कमिश्नरी में मेट्रो का डिपो बना हुआ है। दूसरा डिपो एएसआई कार्यालय के पीछे बन रहा है। एमजी रोड से दूसरे डिपो तक नई लाइन बिछाई गई है। यह कार्य पूरा हो गया है। शुक्रवार को यूपीएमआरसी की टीम ने निरीक्षण किया।
टीम ने पाया कि एक माह में ट्रैक पूरी तरह से तैयार हो जाएगा। अक्टूबर के पहले सप्ताह से माल रोड पर मेट्रो का दौड़ना शुरू होगा जो डेढ़ माह तक चलेगा। वहीं बिजलीघर चौराहा से आरबीएस कॉलेज तक मेट्रो ट्रैक बनकर तैयार हो गया है।
मेट्रो रेल संरक्षा आयुक्त ने निरीक्षण भी कर लिया है। अभी तक छह किमी लंबे ट्रैक को मेट्रो संचालन की अनुमति नहीं मिली है। इसी के चलते मेट्रो का संचालन कब से शुरू होगा, इसे लेकर निर्णय नहीं हो पा रहा है। यूपीएमआरसी के एक अधिकारी ने बताया कि आयुक्त की जैसे ही अनुमति मिलेगी। इसका प्रस्ताव प्रधानमंत्री कार्यालय बनाकर भेजा जाएगा। प्रधानमंत्री कार्यालय से मेट्रो के लोकार्पण की तिथि मांगी जाएगी फिर जनता के लिए मेट्रो का संचालन शुरू होगा।
तेजी से बन रहे हैं दो स्टेशन
नेशनल हाईवे-19 पर गुरु का ताल और सिकंदरा तिराहा स्टेशन का तेजी से निर्माण चल रहा है। यह कार्य दो से तीन माह में पूरा होगा। इससे मेट्रो का पहला कारिडोर बनकर तैयार हो जाएगा।
यह भी पढ़ें- आगरा: रक्षाबंधन पर घर नहीं पहुंच सका परिचालक भाई, तो बहन ने बीच रास्ते में ही बस रुकवाकर बांधी राखी
तीन पिलर को छोड़ बाकी का कार्य तेजी से
200 करोड़ रुपये से यमुना नदी पर मेट्रो पुल बन रहा है। नदी का जलस्तर बढ़ने के कारणसात में तीन पिलर का कार्य बंद है। यूपीएमआरसी टीम ने चार पिलरों और बाकी के ट्रैक का कार्य तेज कर दिया है। जलस्तर कम होने के बाद संबंधित पिलरों पर एक साथ तीन दर्जन से अधिक कर्मचारियों को लगाया जाएगा।
इससे कार्य समय पर पूरा होगा और मेट्रो के संचालन में देरी नहीं होगी। आगरा कैंट रेलवे स्टेशन से कालिंदी विहार तक मेट्रो का दूसरा कारिडोर 16 किमी लंबा है। इसमें 14 एलीवेटेड स्टेशन बनेंगे। रावली पुलिया और भगवान टाकीज चौराहा पर 55 से 62 मीटर लंबा स्टील गर्डर बिछाया जा रहा है।
अक्टूबर के पहले सप्ताह में माल रोड पर मेट्रो का संचालन होगा। डिपो लाइन का ट्रायल एक से डेढ़ माह तक चलेगा। मेट्रो ट्रैक बनकर तैयार हो गया है।
पंचानन मिश्र, संयुक्त महाप्रबंधक जनसंपर्क यूपीएमआरसी
