आगरा में जुलाई के महीने में बारिश का कोटा नहीं हो पाया पूरा, अगस्त में अच्छी शुरुआत से भरपाई होने के आसार
आगरा में जुलाई महीने में सामान्य से 4 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई, हालांकि अगस्त की शुरुआत अच्छी वर्षा के साथ हुई है। मौसम विभाग के अनुसार, जून से अब ...और पढ़ें

आगरा में मंगलवार सुबह बारिश के बीच गुजरते लोग।
जागरण संवाददाता, आगरा। मानसून में आगरा में जुलाई में सामान्य से चार प्रतिशत कम वर्षा हुई। जुलाई में 184.7 एमएम वर्षा वर्षा होनी चाहिए थी, लेकिन यहां 176.6 एमएम वर्षा ही हुई। जुलाई में पिछले चार वर्षों से सामान्य से अधिक अधिक वर्षा दर्ज की जा रही थी। मौसम विज्ञान विभाग द्वारा एकत्र आंकड़ों से यह स्थिति सामने आई है।
एक जून से 3 अगस्त तक के वर्षा के आंकड़ों को देखें तो आगरा में सामान्य से 10 प्रतिशत कम वर्षा हुई। हालांकि अगस्त की शुरुआत अच्छी हुई है। पहली तारीख सूखी निकली लेकिन दो और तीन अगस्त अलग अलग क्षेत्रों में बारिश हुई। चार अगस्त को तो पूरे शहर में सुबह सेे ही झड़ी लगी और जलभराव हो गया।
आगरा में वर्षा का वार्षिक औसत करीब 750 एमएम है। यहां जून के अंतिम सप्ताह से सितंबर के मध्य तक का समय मानसून का माना जाता है। इस बार जून के अंतिम सप्ताह में मानसून ने दस्तक दे दी थी। जून में 59.8, जुलाई में 176.6 और अगस्त में अब तक 6.1 एमएम वर्षा हुई है।
मौसम विज्ञानी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि सामान्य से 19 प्रतिशत अधिक या 19 प्रतिशत कम वर्षा की स्थिति सामान्य वर्षा कही जाती है। इस स्थिति के अनुसार आगरा में जून से अब तक सामान्य वर्षा हुई है। आगामी तीन चार दिन बारिश होते रहने के आसार हैं।